
भोपाल: उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने निवास कार्यालय में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की समीक्षा बैठक में छिंदवाड़ा की घटना पर की जा रही कार्रवाई की स्थिति जानी। उन्होंने तमिलनाडु शासन से सतत संपर्क में रहकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्री शुक्ल ने कहा कि यह गंभीर अपराध है, जिसमें दोषी कंपनी कर्मचारियों और लापरवाह अधिकारियों पर भी कार्रवाई जरूरी है।
उन्होंने मध्यप्रदेश में कफ सिरप निर्माताओं की संयुक्त जांच और कोडीन आधारित दवाओं की सख्त निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही दवा विक्रेताओं को नियमों का पालन और फार्मासिस्ट की उपस्थिति में ही बिक्री सुनिश्चित करने को कहा। उप मुख्यमंत्री ने औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं के उन्नयन, नई प्रयोगशालाओं की स्थापना, अत्याधुनिक उपकरणों की व्यवस्था और एनएबीएल मान्यता प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि औषधियों की गुणवत्ता व नागरिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
