सतना : जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह हुए सडक़ हादसे में साइकिल सवार छात्र की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने जैतवारा हाटी मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया. प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की समझाइस के चलते परिजन किसी तरह वहां से हटने को राजी हुए.प्राप्त जानकारी के अनुसार जैतवारा क्षेत्र अंतर्गत संग्राम टोला का निवासी 13 वर्षीय छात्र छोटा डोहर हर रोज की तरह शनिवार की सुबह अपने घर से स्कूल जाने के लिए साइकिल पर सवार होकर निकला.
बताया गया कि जैसे ही छोटा जैतवारा हाटी मार्ग पर पावा टोला के निकट पहुंचा वैसे ही पीछे से आ रहे स्कॉर्पियो वाहन ने उसे जोरदर टक्कर मार दी. टक्कर लगने के चलते छोटा उछलकर नीचे गिर गया. वहीं टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो और अधिक अनियंत्रित हो गई और छात्र को कुचलत हुए आगे बढ़ गई. घटना से घबराया स्कार्पियो चालक वहां से भाग निकला. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया. देखते ही देखते घटनास्थल पर परिजनों सहित ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया. इसी कड़ी में घटना से आक्रोशित लोगों ने मृतक छात्र के शव को जैतवारा-हाटी मार्ग पर रखते हुए चक्काजाम कर दिया.
जिसकी जानकारी मिलते ही जैतवारा थाना प्रभारी अभिषेक पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और समझाने का प्रयास किया. वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार शैलेंद्र बिहारी शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से चर्चा शुरु की. परिजनों की मांग थी कि आरोपी वाहन चालक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए और कलेक्टर-एसपी को मौके पर बुलाया जाए. आक्रोश के चलते काफी देर तक मार्ग बाधित रहा. जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं. तहसीलदार और थाना प्रभारी द्वारा परिजनों को विश्वास में लेकर इस बात का आश्वासन दिया गया कि आरोपी चालक के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. तब कहीं जाकर परिजन वहां से हटने को राजी हुए. जिसके फौरन बाद ही पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी गई
