इंदौर: एमजीएम मेडिकल कॉलेज से जुड़े एमवाय अस्पताल में रात के समय मरीजों के परिजनों को जबरदस्ती गद्दा किराए पर देने वाले अवैध गिरोह पर डीन की सख्त कार्रवाई से लगाम कसने की शुरुआत हुई है. रात में अस्पताल परिसर में अचानक निरीक्षण और सुरक्षा एजेंसी के सहयोग से अब यह अवैध व्यापार लगभग बंद हो गया है.
डीन डॉ. घनघोरिया ने बताया कि रात 10 बजे आकस्मिक निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि गरीब मरीजों के परिजनों को सोने के लिए जबरन 100 रुपए तक किराया वसूल कर गद्दा देने के लिए मजबूर किया जा रहा था.
गद्दा नहीं लेने वालों को परिसर से बाहर करने की धमकी दी जा रही थी. गिरोह इतना संगठित था कि इसकी खबर प्रशासन तक पहुंच नहीं रही थी. इस अवैध कारोबार के कारण परिसर में न केवल गद्दा किराए पर देने की गतिविधियाँ बढ़ रही थीं, बल्कि रात में नशे और अन्य अनैतिक गतिविधियों की संभावना भी बढ़ गई थी. डीन ने बताया कि ऐसे मरीज जिनके कोई परिजन नहीं हैं, उनके लिए सहारा वार्ड पहले से ही तैयार है. इसके अलावा मरीजों के परिजनों के ठहरने के लिए 50 बेड का विश्राम गृह भी उपलब्ध है. डीन की सख्ती और सुरक्षा एजेंसी की सक्रियता के बाद अब अस्पताल परिसर में इस तरह के अवैध कारोबार पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है.
