ग्वालियर:औषधि निरीक्षक अनुभूति शर्मा द्वारा सचिन तेंदुलकर मार्ग सिटी सेंटर स्थित गणेश मेडिकल स्टोर्स, कल्पना मेडिकल स्टोर्स, हुरावली रोड स्थित शिव मेडिकल स्टोर्स व पटेल नगर स्थित तस्कर ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड व ओम एंटरप्राइसेज़ का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ड्रग सेल लाइसेंस की वैधता, एक्सपायर्ड दवाओं के प्रबंधन, कोल्डड्रिफ़ सिरप व अन्य प्रतिबंधित दवाओं इत्यादि की जांच की गई।
किसी भी मेडिकल स्टोर पर कोल्डड्रिफ़ सिरप व अन्य प्रतिबंधित दवाओं का स्टॉक नहीं पाया गया। दवा विक्रेताओं से अन्य निर्माता कंपनियों द्वारा सर्दी खांसी के लिए निर्मित सिरप के रिकॉर्ड मांगे गए हैं। गणेश मेडिकल स्टोर्स को रिकॉर्ड प्रस्तुत करने हेतु दो दिवस का समय दिया गया है। कल्पना मेडिकल स्टोर्स व शिव मेडिकल स्टोर्स पर रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट उपस्थित न होने व दवाओं का क्रय विक्रय रिकॉर्ड नियमानुसार संधारित न पाए जाने पर दोनों दुकान संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है ।
तस्कर ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के संचालक को चिह्नित दवाओं का खरीद बिक्री का रिकॉर्ड कार्यालय में प्रस्तुत करने हेतु दो दिवस का समय दिया गया है।दुकान संचालकों द्वारा प्रस्तुत जवाब व दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण की प्रक्रिया इसी तरह जारी रहेगी व नियम उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी
