
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में शनिवार को भारत भवन के अंतरंग सभागार में सांस्कृतिक और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े दो महत्वपूर्ण अनुबंध (एमओयू) संपन्न हुए। इस अवसर पर रंग मंडल भारत भवन, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के बीच सहयोग के नए अध्याय की शुरुआत हुई।
प्रथम अनुबंध भारत भवन और राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के बीच किया गया, जिससे प्रदेश में नाट्यकला, प्रशिक्षण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को नई दिशा मिलेगी। वहीं दूसरा अनुबंध मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के बीच हुआ, जो ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन विकास को गति देगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से ट्रैवल मार्ट के शुभारंभ के पूर्व पर्यटन और उद्योग जगत से जुड़े प्रमुख लोगों ने भेंट की। फिल्म और टीवी सीरियल प्रोड्यूसर एकता कपूर, अभिनेता रघुवीर यादव और गजानन राव सहित कई हस्तियां इस दौरान मौजूद रहीं।
