आवास सूची से नाम कटने पर ग्रामीणों का धरना

छतरपुर। ग्राम ढिलापुर के ग्रामीणों ने आवास योजना की सूची से पात्र लोगों के नाम हटाए जाने के विरोध में मंगलवार को जनसुनवाई में धरना दिया। ग्रामीणों ने अधिकारियों को आवेदन सौंपकर मामले की जांच कराने और पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से आवास योजना का लाभ मिलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सूची से नाम हटने के बाद उनकी परेशानी बढ़ गई है।

ग्रामीण मनोज श्रीवास ने बताया कि दो वर्षों से उनका नाम आवास योजना की सूची में आ रहा था। इस वर्ष सूची में नाम आने के बाद उनके घर की जांच भी की गई और कच्चे मकान की फोटो खींचकर ऑनलाइन दर्ज की गई। इसके बावजूद बाद में ऑनलाइन रिकॉर्ड में उनका मकान पक्का दर्ज कर दिया गया और आवास योजना की सूची से नाम हटा दिया गया। मनोज ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और आज भी कच्चे मकान में रह रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि पात्र होने के बावजूद गलत जानकारी दर्ज कर उन्हें योजना के लाभ से वंचित किया गया है। उन्होंने प्रशासन से मौके पर दोबारा जांच कराने, रिकॉर्ड में सुधार करने और पात्र परिवारों के नाम आवास सूची में शामिल करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक वे अपनी मांग को लेकर अधिकारियों से लगातार संपर्क करते रहेंगे।

 

Next Post

पुलिस-छात्र संवाद में कानून और सुरक्षा की दी गई जानकारी

Wed Aug 19 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत युवाओं को कानून, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, निशातपुरा में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामुदायिक पुलिसिंग के डीआईजी डॉ. विनीत कपूर […]

You May Like