
छतरपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को पक्का घर बनाने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है, लेकिन योजना के तहत मिली राशि का दुरुपयोग करने वाले लाभार्थियों पर अब सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पीएम आवास शहरी 1.0 योजना में कुछ हितग्राहियों ने निर्धारित समय में मकान निर्माण नहीं कराया और मिली राशि का अन्यत्र उपयोग कर लिया। इस मामले में कलेक्टर पार्थ जैसवाल के आदेश पर तथा एसडीएम, तहसीलदार और मुख्य नगर पालिका अधिकारी बसंत चतुर्वेदी के निर्देशन में राजस्व एवं नगर परिषद की संयुक्त टीम द्वारा आरआरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कर वसूली की गई।
कार्यवाही के दौरान कुल 2.10 लाख रुपये की राशि की वसूली की गई। इस संयुक्त कार्रवाई में नगर परिषद खजुराहो से कल्याण सिंह, आदित्य प्रताप सिंह, शोभराज सिंह, रवी अनुरागी, राहुल रजक तथा राजस्व विभाग से पटवारी संजय दुबे और सौरभ मिश्रा शामिल रहे।
यह सख्त कदम संदेश देता है कि सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ प्रशासन अब सख्त रुख अपनाएगा।
