राजेंद्र नगर में बिगड़ा रतलाम-महू ट्रेन का इंजन

इंदौर: रतलाम से डॉ. आंबेडकर नगर महू जा रही डेमू ट्रेन के यात्रियों को शुक्रवार देर रात उस समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब ट्रेन का इंजन राजेंद्र नगर स्टेशन पर खराब हो गया. लंबे समय तक ट्रेन वहीं खड़ी रही, जिससे नाराज यात्रियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे मंत्रालय को शिकायत भेज दी.
रतलाम-महू डेमू ट्रेन संख्या 79318 शाम 7 बजे रतलाम से रवाना होकर रात 10.55 बजे महू पहुंचने वाली थी, लेकिन यह ट्रेन 14 मिनट देरी से रात 10.24 बजे राजेंद्र नगर स्टेशन पहुंची और उसके बाद वहीं अटक गई. रेलवे स्टाफ ने जांच में पाया कि ट्रेन के डीपीसी डीजल पावर कार में तकनीकी खराबी आने से इंजन बंद हो गया है. काफी देर तक ट्रेन के नहीं चलने से यात्रियों में आक्रोश बढ़ गया. कुछ यात्रियों ने ट्विटर और एक्स पर रेल मंत्री, रेल मंत्रालय और रेलवे हेल्पलाइन ‘रेल सेवा’ को टैग करते हुए शिकायत की. यात्रियों ने लिखा कि ट्रेन में कई लोग अस्वस्थ हैं और उन्हें देर रात तक बैठे रहना पड़ रहा है.

सवा घंटे देरी से पहुंची ट्रेन
शिकायत के बाद रेलवे ने तुरंत रतलाम डीआरएम को मामले में हस्तक्षेप के निर्देश दिए. डीआरएम कार्यालय ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए ट्रेन के लिए नया इंजन भेजा, जिसके बाद ट्रेन को रात 11.30 बजे महू के लिए रवाना किया. तय समय से 1 घंटा 18 मिनट की देरी से यह ट्रेन आखिरकार रात 12.02 बजे महू पहुंच पाई. रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताते हुए बताया कि इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारण यह स्थिति बनी. डीआरएम ने कहा कि गड़बड़ी की जांच कर सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है.

Next Post

आंध्र प्रदेश मुख्यमंत्री का चक्रवाती तूफ़ान में जनहानि रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश

Sun Oct 26 , 2025
विजयवाड़ा, (वार्ता) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को ‘मोंथा’ चक्रवाती तूफ़ान को देखते हुए अधिकारियों को आवश्यक सेवाओं में किसी भी प्रकार की बाधा न आने देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने संभावित तूफ़ान के मद्देनजर जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ टेलीफोन कांफ्रेंसिंग पर बात […]

You May Like