मुझ पर बलात्कार और बच्चे बेचने के आरोप लगाए गए: बंगाल की जीत पर भावुक हुए कैलाश विजयवर्गीय

इंदौर: पश्चिम बंगाल में भाजपा का जीतना देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था के लिए जरूरी था. सीमावर्ती राज्यों में राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को रोकने के लिए भाजपा की सरकार बनाना जरूरी हो गया था. आज बाहरी सुरक्षा पर चर्चा होती है, लेकिन आंतरिक सुरक्षा भी उतनी ही अनिवार्य है. तृणमूल कांग्रेस सरकार में मां, मानुष और माटी तीनों सुरक्षित नहीं थे. मुझ जैसे व्यक्ति पर बलात्कार और बच्चे बेचने के केस लगा दिए गए. आरएसएस के लोगो को प्रताड़ित किया गया.

उक्त बात नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद मीडिया से कही. मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत मिली है. उक्त ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की मेहनत का परिणाम है. विजयवर्गीय ने कहा कि सीमावर्ती राज्यों में बीजेपी की सरकार होना देश की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे सुनिश्चित किया है. विजयवर्गीय ने बंगाल की जीत को देश की आंतरिक सुरक्षा की सबसे बड़ी जीत बताया है. उन्होंने कहा कि बंगाल में कोई भी सुरक्षित नहीं था, लेकिन आज निष्पक्ष चुनाव के कारण बांग्लादेशी बंगाल से सीमा के बाहर भाग रहे हैं. बंगाल में महिलाओं का अपमान किया गया, उसी का परिणाम सत्ताधारी पार्टी को मिला है. इस देश की पहचान श्री राम, श्री कृष्ण, गंगा-जमुना और बद्रीनाथ-केदारनाथ हैं. बंगाल की जीत देश को और ताकतवर बनाएगी.
हार के बाद मैदान छोड़ भागे नेता
विपक्ष पर हमला करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि हार के बाद उनके नेता मैदान छोड़कर भाग गए हैं. अब वे कांग्रेस और राहुल गांधी की तरह रोने लगे हैं और अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग व ईवीएम मशीन पर फोड़ रहे हैं. उन्होंने एक नेता का नाम लिए बिना कहा कि अभिषेक नाम के नेता ने गृहमंत्री को अपशब्द कहे थे, लेकिन चुनाव परिणाम आते ही वह भाग गया है. अंत में असम में दोबारा बीजेपी सरकार बनने पर कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा एक बेहतरीन नेता है.
30 साल में पहली बार निष्पक्ष चुनाव
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि 30 साल में पहली बार निष्पक्ष चुनाव हुए हैं. उन्होंने कहा पिछले चुनाव में फलता विधानसभा में उन पर और जेपी नड्डा के काफिले पर कितने बड़े-बड़े पत्थर फेंके गए थे. विजयवर्गीय ने बताया कि बंगाल में अपराधियों को जेड+ सुरक्षा दी जाती है, जो हमारे सांसदों को भी नहीं मिलती. बंगाल में अपराधिक गठजोड़ काम करता था, जिसे इस चुनाव में चुनाव आयोग ने तोड़ दिया.
जब भावुक हो गए विजयवर्गीय
बंगाल और असम जीत के विषय में बात करते वक्त मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि मुझे किस कदर प्रताड़ित किया गया है कि मुझ पर बलात्कार, बच्चे बेचने के प्रकरण दर्ज किए गए हैं. मुझ जैसे व्यक्ति पर प्रकरण दर्ज बोलते हुए विजयवर्गीय भावुक हो गए और उनकी आंखें भर आईं. उन्होंने जेब से रुमाल निकाला और आंसू पूछे. फिर बोले मेरे और बीजेपी अध्यक्ष के काफिले पर पत्थर फेंके गए है. आज मैं जिंदा और सुरक्षित हूं तो अमित शाह और न्याय पालिका के कारण. वर्ना मुझे जेल में डाल दिया जाता.
बंगाल में भाजपा की जमीन बनाने में भूमिका अहम
बंगाल में भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की है। इस जीत के पीछे 2021 चुनाव के पूर्व बंगाल में भाजपा के प्रभारी बनकर पहुंचे विजयवर्गीय की भूमिका महत्वपूर्ण है। भले ही भाजपा 2021 के विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाई, लेकिन वहां के स्थानीय नगर पालिका, पंचायत, नगर पंचायतों से लेकर लोकसभा तक के लिए विजयवर्गीय ने भाजपा की जमीन तैयार कर दी । भाजपा के कार्यकर्ता खड़े कर दिए थे। अमित शाह और जेपी नड्डा के रोड शो और संगठन में लोगों को जोड़कर मजबूती देने का काम कैलाश विजयवर्गीय ने किया था। आज उसी का परिणाम है कि बंगाल में कमल खिल गया। बंगाल जीत में संगठन और संघ के बीच समन्वय स्थापित करने में भी विजयवर्गीय ने अहम भूमिका निभाई है।

Next Post

शिव के करीबी मालवीय को निगम की कमान

Tue May 5 , 2026
भैरूंदा। प्रदेश सरकार ने अहम राजनीतिक नियुक्ति करते हुए भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रवि मालवीय को मप्र पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम का अध्यक्ष नियुक्त किया है. रवि मालवीय को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान का करीबी और भरोसेमंद समर्थक माना जाता है. संगठन में लंबे […]

You May Like