
ग्वालियर। ग्वालियर शहर सहित सम्पूर्ण जिले में शांति, सदभाव एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिये हम सब जिला प्रशासन व पुलिस के साथ हैं। हम सब ऐसे किसी कृत्य का समर्थन नहीं करेंगे, जिससे शांति व सामाजिक समरसता को क्षति पहुँचे और ग्वालियर जिले की छवि धूमिल हो। इस आशय का पुख्ता भरोसा समाज के विभिन्न वर्गों के जिम्मेदार प्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं व्यापारिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर रुचिका चौहान की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह की मौजूदगी में शुक्रवार को आयोजित हुईं तीन अलग-अलग बैठकों में दिलाया है। इसके साथ ही सभी ने यह भी आश्वस्त किया कि 15 अक्टूबर को किसी प्रकार का कोई आयोजन नहीं किया जायेगा। साथ ही कहा कि आप सब आपसी भाईचारे के साथ मिलजुलकर एवं निश्चिंत होकर दीपावली त्यौहार मनाएं और व्यापारी अपना व्यवसाय करें। जिला प्रशासन व पुलिस आपकी सुरक्षा व सहयोग के लिये 24 घंटे तत्पर है।
विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से फैलाई जा रहीं अफवाहों व भ्रामक खबरों को ध्यान में रखकर कलेक्ट्रेट के सभागार में यह बैठकें बुलाई गई थीं। कलेक्टर श्रीमती चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिंह ने जिले में सामाजिक समरसता बनाए रखने में सहयोग के लिये आगे आने पर सभी के प्रति इन बैठकों में धन्यवाद जताया। साथ ही स्पष्ट किया कि सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की जुर्रत करने वाले असमाजिक तत्वों से जिला प्रशासन व पुलिस सख्ती से निपटेगी। इसको लेकर जिला प्रशासन व पुलिस पूरी तरह तैयार व मुस्तैद है। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने साफ किया कि जिले में धारा-163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू है।
कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इन बैठकों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे बुद्धिजीवी होने के नाते भड़काऊ पोस्ट डालने वाले लोगों को फोन करके समझाएं, जिससे कानूनी कार्रवाई करने की नौबत न आए। अधिकारी द्वय ने कहा कि देशभर में ग्वालियर शहर कला, संगीत, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक वैभव के लिये जाना जाता है। इसलिये हम सब मिलजुलकर कोई भी ऐसी छोटी सी छोटी घटना न होने दें, जिससे ग्वालियर की छवि धूमिल हो। कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इन बैठकों में सभी के विचार सुने और शंकाओं का समाधान किया।
