
जबलपुर। एमपी स्टेट बार काउंसिल चुनाव में जमा किए गए स्वीकृत नामांकनों की संख्या 119 से बढक़र 121 हो गई है। यह जानकारी निर्वाचन अधिकारी न्यायमूर्ति एसके पालो ने दी। उन्होंने अवगत कराया कि नामांकन प्रपत्रों की जांच प्रक्रिया विधिवत संपन्न की गई। कुल 138 नामांकन प्रपत्रों का परीक्षण किया गया, जिनमें से 119 प्रपत्र निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाने पर स्वीकार किए गए, जबकि 19 प्रपत्र विभिन्न कारणों से अस्वीकृत किए गए। अस्वीकृत 19 नामांकन प्रपत्रों में से 11 प्रपत्र अभ्यर्थियों के अधिवक्ता संघों में पदाधिकारी होने के कारण निरस्त किए गए। इसके अतिरिक्त 5 प्रपत्र अभ्यर्थियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण लंबित होने व तीन प्रपत्र अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित होने के कारण अस्वीकृत किए गए। एक प्रकरण ऐसा भी पाया गया, जिसमें अभ्यर्थी संघ का पदाधिकारी होने के साथ-साथ आपराधिक प्रकरण में भी संलिप्त था। अस्वीकृति के विरुद्ध कुल 10 प्रकरणों में अपील प्रस्तुत की गई। हाई पावर्ड इलेक्शन कमेटी द्वारा इन अपीलों पर विस्तृत विचार करते हुए दो आपराधिक प्रकरणों में अपील स्वीकार की गई। फलस्वरूप, आनंद मोहन चौधरी व रघुनाथ प्रताप नारायण मिश्रा, जो पूर्व में अस्वीकृत सूची में सम्मिलित थे, अब उनके नामांकन स्वीकार कर लिए गए हैं।
