गुजरात में थोड़ा मेहनत कर सत्ता में लौट सकती है कांगेस : राहुल

अहमदाबाद/नयी दिल्ली, 08 मार्च (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन दशक के गुजरात मॉडल को पूरी तरह से विफल करार देते हुए कहा है कि राज्य की जनता भाजपा से ऊब चुकी है और अब वह विकल्प चाहती है और कांग्रेस उन्हें आसानी से यह विकल्प दे सकती है।

श्री गांधी ने अहमदाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शनिवार को कहा कि गुजरात में विपक्ष को 40 प्रतिशत वोट मिलते हैं। अगर कांग्रेस अपने वोट शेयर में सिर्फ पांच प्रतिशत की वृद्धि कर ले, तो राज्य में कांग्रेस की सरकार बन सकती है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी तेलंगाना में 22 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाकर सरकार बना सकती है, तो वह गुजरात में भी पांच प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाकर सत्ता में वापसी कर सकती है।

उन्होंने कहा कि गुजरात की रीढ़ की हड्डी छोटे तथा मध्यम व्यवसायी, किसान और मजदूर हैं तथा राज्य आगे बढना चाहता है, लेकिन भाजपा सरकार की नीतियों के कारण बुरी तरह से प्रभावित है। गुजरात का विकास आज अटक गया है और उसे रास्ता नहीं दिख रहा है। हीरा उद्योग, वस्त्र उद्योग, सिरेमिक उद्योग से जुड़े लोग और प्रदेश के किसान कह रहे हैं कि उन्हें नया विजन चाहिए। पिछले 25 वर्षों से चल रही नीतियां पूरी तरह से विफल हो गई हैं। कांग्रेस पार्टी जनता को नया विजन दे सकती है, लेकिन इसके लिए पहले पार्टी के नेताओं को लोगों से जुड़ना होगा।

श्री गांधी ने कहा कि गुजरात की राह से भाजपा को हटाना कांग्रेस के लिए बहुत कठिन नहीं है। गुजरात में पार्टी के नेताओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन सही नेतृत्व को सही स्थान पर लाने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग भाजपा के साथ अंदरूनी तौर पर जुड़े हैं उन्हें पार्टी से निकालना पड़ा, तो निकाला जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन के भीतर दो तरह के नेता तथा कार्यकर्ता मौजूद हैं। इनमें पहले वे नेता हैं जो सीधा जनता से जुड़े हुए हैं और जिनके दिल में कांग्रेस की विचारधारा है, लेकिन दूसरी तरफ ऐसे भी नेता हैं जो जनता से कटे हुए हैं और इनमें से आधे भाजपा से मिले हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुजरात की जनता विकल्प चाहती है, न कि ‘बी’ टीम। उनकी जिम्मेदारी इन दो तरह के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को पहचानने की है।

 

 

Next Post

पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर

Sat Mar 8 , 2025
नई दिल्ली 08 मार्च (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उबाल आने के बावजूद घरेलू स्तर पर पेट्रोल और डीजल के दाम आज स्थिर रहे, जिससे दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर पर पड़े रहे। तेल विपणन करने वाली प्रमुख […]

You May Like

Play sound