सीएम डॉ यादव के पुत्र सहित 22 जोड़ों का सामूहिक विवाह, अखाड़ा परिषद-पतंजलि की घोषणाओं से गूंजा समारोह

उज्जैन: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पुत्र डॉ. अभिमन्यु यादव का विवाह रविवार को शहर में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन में वैदिक रीति से सम्पन्न हुआ. इस सम्मेलन में कुल 22 जोड़ों ने एक ही मंडप में सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की. समारोह के बाद सभी 22 जोड़ों को हाथों-हाथ विवाह प्रमाणपत्र प्रदान किए गए.

नवभारत ने 22 जोड़ों में से 7 जोड़ों से जब सामूहिक विवाह सम्मेलन में विवाह करने के संबंध में सवाल किया तो सभी ने कहा कि भूतों न भविष्यति, यह आयोजन उनके जीवन का सबसे सुखद हिस्सा है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पुत्र के साथ ऐसे युवकों ने भी फेरे लिए जो मजदूरी करते हैं, फोटोग्राफर है, तो कोई ड्राइवरी करते हैं. साथ ही उन्होंने खुशी जताई कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पुत्र डॉ अभिमन्यु यादव के जिस पंडाल में फेरे हो रहे हैं वहीं पर उनकी भी शादी हो रही है इससे बढ़कर खुशी की बात क्या हो सकती है.
धीरेंद्र शास्त्री का विवाह भी इसी तरह कराएंगे
सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान एक अनोखी और रोचक घोषणा उस वक्त हुई जब मंच से योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिस सादगी और सामाजिक समरसता से अपने बेटे का विवाह कराया है, उसी प्रकार धीरेंद्र शास्त्री का विवाह भी सामूहिक सम्मेलन में कराएंगे, इतना सुनते ही मंच से लेकर सभा मंडप में हंसी के फव्वारे छूट गए. बाबा रामदेव का यह कथन सुनते ही पूरे पंडाल में तालियाँ गूंज उठीं. मुख्यमंत्री भी मुस्कुराते हुए मंच पर मौजूद थे.
धीरेंद्र शास्त्री ने आयोजन को बताया ऐतिहासिक
जब वरमाला की रस्म शुरू हुई तो बाबा रामदेव स्वयं मंच पर पहुंचे और मंत्रोच्चार किया. इधर, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने भी विवाह संस्कार को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया. उन्होंने कहा, ऐसा सामूहिक विवाह सम्मेलन पूरे देश में आदर्श बन सकता है. यह संत समाज के लिए गर्व का विषय है.
अखाड़ा परिषद और पतंजलि की बड़ी घोषणाएँ
कार्यक्रम में संतों और अखाड़ों की ओर से अहम घोषणाएँ की गईं. अखाड़ा परिषद ने सभी 22 जोड़ों को सवा लाख रुपये देने की घोषणा की. पतंजलि पीठ की ओर से बाबा रामदेव ने प्रत्येक जोड़े को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की. इन घोषणाओं के बाद नवविवाहित जोड़ों और उनके परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती रही.
सुबह निकली भव्य बारात,शाम को फेरे
सुबह 9 बजे सभी 22 जोड़ों की भव्य बारात निकाली गई. मुख्यमंत्री के पुत्र अभिमन्यु यादव घोड़ी पर सवार होकर बारात में शामिल हुए और लोगों का अभिवादन किया. इस दौरान बारात में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुख्यमंत्री की पुत्री आकांक्षा यादव, पुत्र वैभव यादव, सीएम की धर्मपत्नी सीमा यादव, बड़ी बहन कलावती यादव परिवार के अन्य सदस्य और रिश्तेदार शामिल हुए. बड़े भाई नंदलाल यादव, नारायण यादव, भाई बबलू यादव, नीलेश यादव और उनका पूरा परिवार भी प्रोसेशन में थिरकते नजर आए. पूरी बारात सादगी वाले अंदाज में निकली. बैंड-बाजे, पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा से पूरा मार्ग उत्सव स्थल में बदल गया. मुख्यमंत्री स्वयं बारात के साथ चलकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे. इस दौरान मंच लगाकर जगह-जगह बारात का स्वागत भी किया गया.
यज्ञ वेदिका पर स्वयं पहुंचे मुख्यमंत्री
विवाह की मुख्य रस्मों के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं यज्ञ वेदिका पर पहुंचे और सभी 22 जोड़ों को आशीर्वाद दिया. उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता, सादगी और आर्थिक सरलता का श्रेष्ठ माध्यम है.
हाथों हाथ उपहार वितरण
विवाह संपन्न होने के तुरंत बाद सभी जोड़ों को विवाह प्रमाणपत्र, गृहस्थ जीवन हेतु आवश्यक सामग्री और सामाजिक संस्थाओं की ओर से उपहार दिए गए.

Next Post

साजिद खान की फिल्म में काम करेंगे अक्षय कुमार !

Mon Dec 1 , 2025
मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार निर्देशक साजिद खान की फिल्म में काम करते नजर आ सकते हैं। अक्षय कुमार इन दिनों ‘भूत बंगला’, ‘हैवान’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ में काम कर रहे हैं। इन सबके साथ ही अक्षय एक और फिल्म में काम शुरू करने वाले हैं। बॉलीवुड […]

You May Like