यादव ने प्रयागराज दुर्घटना में छतरपुर जिले की महिला के निधन पर शोक व्यक्त किया

भोपाल, 29 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज प्रयागराज महाकुंभ में संगम तट पर हुई दुर्घटना में मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की हुकुमबाई लोधी सहित अनेक श्रद्धालुओं के असमय काल-कवलित होने पर गहन शोक व्यक्त किया है।

डॉ यादव ने कहा कि यह दुर्घटना हृदय विदारक है। मुख्यमंत्री ने मां गंगा से दिवंगतों की पुण्य आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की करबद्ध प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री ने मृतिका हुकुमबाई लोधी के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 2 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। जिला प्रशासन छतरपुर द्वारा भी नियमानुसार शोकाकुल परिवार की हर संभव मदद की जा रही है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार से समन्वय कर पार्थिव देह को एम्बुलेंस के माध्यम से मृतिका के गृह ग्राम लाया जा रहा है।

डॉ यादव ने अपने संदेश में कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं को दुर्घटनाग्रस्त होने पर उनकी तत्काल सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0755-2708055 एवं 0755-2708059 (वल्लभ भवन, सिचुएशन रूम, भोपाल) स्थापित कर दिया गया है। जरूरतमंद व्यक्ति किसी भी समय इन नंबरों पर कॉल कर वांछित सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि 29 जनवरी की अलसुबह प्रयागराज में अत्यधिक भीड़ के कारण हुई आपाधापी में छतरपुर जिले के ग्राम सुनवाहा, थाना बक्सवाहा निवासी हुकुमबाई लोधी की असामयिक मृत्यु हो गयी। मृतिका अपने परिजन और ग्रामवासियों के साथ प्रयागराज महाकुंभ गई थीं। बुधवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ से दो बजे के दौरान संगम रामघाट पर अत्यधिक भीड़ में गिर जाने एवं धमच लग जाने से उसकी मृत्यु हो गई। कलेक्टर छतरपुर पार्थ जैसवाल द्वारा मृतिका के परिजन को अंत्येष्टि सहायता के रूप में 5 हजार रूपए और बीपीएल कार्डधारक होने से उन्हें राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना में मृत्यु सहायता के रूप में 20 हजार रूपए भी प्रदान किए जा रहे हैं।

 

 

Next Post

देश के दिल मध्यप्रदेश आइये, निवेश करिये, हम हरसंभव करेंगे सहयोग: यादव

Wed Jan 29 , 2025
भोपाल, 29 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उद्योगपतियों से कहा कि देश के दिल मध्यप्रदेश आइये, निवेश करिये, हम हरसंभव सहयोग करेंगे, आवश्यक हुआ तो पॉलिसी में भी संशोधन करेंगे। डॉ यादव ने जापान प्रवास के दूसरे दिन आज अनेक जापानी कम्पनियों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों […]

You May Like