
कलेक्टर-एसपी ने साफ चेताया
नवभारत न्यूज
खण्डवा। शब-ए-बरात, महाशिवरात्रि, होली-धुलेंडी, रंग पंचमी, गुड़ी पड़वा, गणगौर, महावीर जयंती, हनुमान जयंती जैसे त्यौहारों की सिरीज शुरू हो रही है। सभी धर्मों के त्यौहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील प्रशासन ने की है। कलेक्टर-एसपी ने इसके लिए सौहाद्र्रता बनाने की अपील की है।
्कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक हुई। कलेक्टर श्री गुप्ता ने शांति समिति के सदस्यों से कहा कि सभी अपने-अपने त्यौहार भाईचारे से मनाएं। नगर निगम के अधिकारी को कहा कि समय पर रोशनी, साफ-सफाई एवं पीने के पानी की व्यवस्था रहे। विद्युत विभाग त्यौहारों के दौरान विद्युत आपूर्ति निर्बाध रखें। बिजली के झूलते तारों का निराकरण करें,जिससे कोई दुर्घटना न हो।
सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक पोस्ट न करें। कोई भी मैसेज फारवर्ड करने से पहले उसके तथ्य को अवश्य जान लें। भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी आयोजकों से कहा कि वे समय से अनुमति ले लें।
आयोजक कार्यक्रम के दौरान सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाएं। किसी भी प्रकार की घटना की जानकारी मिल सकें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी से कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रहेे। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्यवाही करें।
किसी प्रकार की अफवाहें न फैलाएं: पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक मनोज राय द्वारा कहा गया कि परम्परागत तरीके से आपसी समन्वय बनाकर एवं नियमानुसार त्यौहार मनाएं। उन्होंने कहा कि त्यौहार पर किसी प्रकार की अफवाहें न फैलाएं, यदि आपके संज्ञान में कुछ आता है तो तत्काल उसकी सूचना दें, कार्यवाही की जाऐगी।
