
भोपाल। लोकायुक्त की जबलपुर इकाई ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-1 जीवनलाल बरार निवासी पंचशील नगर, को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। जानकारी के अनुसार, आवेदिका उषा दाभीरकर (60) सहायक ग्रेड-2, वाणिज्य कर कार्यालय छिंदवाड़ा निवासी, के जाति प्रमाण पत्र की जांच आयुक्त अनुसूचित जाति विकास विभाग, राजीव गांधी भवन भोपाल में चल रही थी। आरोपी जीवनलाल बरार ने जांच दबाने के एवज में 5 लाख की मांग की थी। इसी क्रम में सोमवार को आरोपी अपने घर पर रिश्वत की पहली किस्त 1 लाख लेते हुए पकड़ा गया।
लोकायुक्त दल ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(B), 13(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
इस कार्रवाई में दल प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक नीतू त्रिपाठी, निरीक्षक रेखा प्रजापति, उमा कुशवाहा, जितेंद्र यादव सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।
