
रीवा।नगर निगम रीवा ने एक विशेष पहल करते हुए आज से एक नया अध्याय शुरू किया. निगम रीवा ने हरी झंडी दिखाकर इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) सेवा का शुभारंभ किया. स्वच्छ और हरित परिवहन की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, नगर निगम रीवा ने 10 अक्टूबर से इलेक्ट्रिक वाहनों का संचालन प्रारंभ किया है.
महापौर अजय मिश्रा, निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय एवं निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे की उपस्थिति में निगम में कार्यरत कार्यालय सहायक रामशिरोमणि सेन को हरी झंडी दिखाने का अवसर प्रदान किया गया, जिसके साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों का संचालन प्रारंभ हुआ. निगम ने नए टेंडर के माध्यम से कुल 16 इलेक्ट्रिक वाहनों को किराए पर लिया है, जो विभिन्न शाखाओं एवं विभागों में उपयोग किए जाएंगे. विशेष बात यह है कि प्रदेशभर में रीवा नगर निगम पहला निगम बना है, जिसने अपने नियमित प्रशासनिक कार्यों के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग प्रारंभ किया है. महापौर अजय मिश्रा ने कहा कि रीवा नगर निगम सदैव नवाचार और पर्यावरण संरक्षण के लिए अग्रसर रहा है. उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर को भोपाल में हुई बैठक में मैंने कहा था कि रीवा नगर निगम 10 अक्टूबर से एक नया नवाचार करेगा. आज उस वादे को पूरा करते हुए रीवा नगर निगम ने मध्यप्रदेश का पहला नगर निगम बनने का गौरव प्राप्त किया है, निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय ने कहा कि यह पहल न केवल ऊर्जा की बचत करेगी, बल्कि क्लीन और ग्रीन रीवा की परिकल्पना को साकार करने में भी सहायक सिद्ध होगी. आने वाले समय में इस व्यवस्था का और अधिक विस्तार किया जाएगा. निगम द्वारा जल्द ही चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाएगी. इस दौरान नगर निगम आयुक्त डा0 सौरभ सोनवणे ने कहा कि नगर निगम रीवा द्वारा ईवी वाहनों का उपयोग प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और कार्बन फुटप्रिंट घटाने के उद्देश्य से किया गया है.
