
भोपाल: प्रदेश के विभिन्न अस्थायी, आउटसोर्स, अंशकालीन, पंचायत चौकीदार, बैंक मित्र, पंप ऑपरेटर, स्वच्छाग्राही एवं राजस्व सर्वेयर संगठनों के संयुक्त बैनर “आल डिपार्टमेंट आउटसोर्स, अस्थायी, अंशकालीन, ग्राम पंचायत कर्मचारी संयुक्त मोर्चा, मध्यप्रदेश” के तत्वावधान में 12 अक्टूबर को अंबेडकर पार्क, तुलसी नगर में “महा क्रांति आंदोलन” आयोजित किया जाएगा।
मोर्चा के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने बताया कि यह आंदोलन नियमित नौकरी, न्यूनतम ₹21,000 वेतन, समान कार्य समान वेतन नीति और ठेका-आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त करने की मांग को लेकर होगा। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के 19 अगस्त 2025 के निर्णय से अस्थायी कर्मियों में न्याय की नई उम्मीद जगी है। न्यायालय ने समान कार्य करने वाले कर्मियों को समान वेतन और सामाजिक सुरक्षा का संवैधानिक अधिकार माना है।
शर्मा ने कहा कि प्रदेश में दो दशकों से नियमित भर्तियाँ लगभग बंद हैं, जिससे लाखों अस्थायी कर्मचारी असुरक्षा और शोषण झेल रहे हैं। आंदोलन के माध्यम से सरकार से ठेका प्रथा समाप्त कर सभी अस्थायी कर्मियों को नियमित करने की मांग की जाएगी। प्रदेशभर से हजारों कर्मचारी इस ऐतिहासिक आंदोलन में शामिल होंगे।
