बगैर डीएसपी के चल रहा यातायात थाना, हर चौराहे पर लगता है जाम, अतिक्रमण और ठेला बने कारण
रीवा:शहर में बगैर त्यौहार के भीड़ हर सडक़ और चौराहे पर जाम लगा रहता है. दीपावली नजदीक आते ही जाम की समस्या विकराल रूप ले रही है. पिछले दो दिन से जाम से राहगीर जूझ रहे है और यातायात पुलिस नदारत रहती है. ऐसा कोई मार्ग नही जहा जाम न लगता हो. हालत यह है कि जाम में एम्बुलेंस तक फसी रहती है.गौरतलब है कि शहर का तेजी से विस्तार हो रहा है और वाहनो की संख्या बढ़ रही है. फ्लाई ओवर भी बन गये है उसके बाद भी जाम से निजात नही मिल रही है.
दरअसल सडक़े चौड़ी है लेकिन किये गये अस्थाई अतिक्रमण के कारण जाम लगता है. दो दिन से करवा चौथ की खरीददारी चल रही है, मुख्य बाजार सहित सभी सडक़ो में जाम लग रहा है. शाम को शिल्पी प्लाजा ए-ब्लाक, प्रकाश चौराहा, घोड़ा चौराहा, अस्पताल चौराहा एवं सिरमौर चौराहे के साथ जयस्तंभ में भी लम्बा जाम लगा रहा. जिसके कारण कई यात्रियो की रेवांचल ट्रेन भी छूट गई. अक्सर शाम को सिरमौर चौराहा और जयस्तंभ के पास लम्बा जाम लगता है और दिन भर अमहिया मार्ग सहित अन्य मार्गो में जाम से राहगीर जूझते रहते है. शहर में यातायात पुलिस नजर नही आती, लोग खुद ही जाम से निपटते है.
ई-रिक्शा बने सबसे बड़े सिरदर्द
शहर में इस समय आटो रिक्शा के अलावा ई-रिक्शा भी दौड़ रहे है. आटो से कहीं ज्यादा ई-रिक्शा की संख्या हो गई है. विभिन्न मार्गो एवं तंग गलियो में ई-रिक्शा पहुंचते है. न कोई स्टाप तय है कहा खड़ा होना है, जिसकी जहा मर्जी वही खड़ा कर देते है. चलते हुए अचानक बीच रोड़ में रोक देते है जिससे कई बार दुर्घटनाएं भी हुई है. ई-रिक्शा के कारण जाम की समस्या और बढ़ी है.चौराहो में चारो तरफ ई-रिक्शा खड़े हो जाते है जिसके कारण अन्य वाहनो को निकलने में दिक्कत होती और जाम लग जाता है. ई-रिक्शा के लिये गाइड लाइन बनाने की जरूरत है तभी इस समस्या से निजात मिल सकती है.
कई माह से खाली है डीएसपी का पद
यातायात थाने में कई पद खाली है जितने पद स्वीकृत है उसमें से अधिकांश पद खाली है. पिछले कई माह से डीएसपी की पदस्थापना नही हुई है. पहले यहा डीएसपी की पदस्थापना रहती थी, जिससे यातायात व्यवस्था और थाने का संचालन बेहतर तरीके से होता था पर कई माह से डीएसपी का पद खाली है. ऐसे में यातायात थाना बेलगाम हो चुका है. चौराहे पर जाम लगा रहता है लेकिन यातायात पुलिस नजर नही आती. डीएसपी के अलावा कई और पद खाली है जबकि शहर का क्षेत्रफल तेजी से बढ़ रहा है साथ ही वाहनो की संख्या भी बढ़ती जा रही है
