सोनी सब की कलाकारों ने करवा चौथ को लेकर अपने विचार साझा किये

मुंबई, (वार्ता) सोनी सब की कलाकारों ने करवा चौथ को लेकर अपने विचार प्रशंसकों के साथ साझा किये हैं।

गाथा शिव परिवार की गणेश कार्तिकेय में देवी पार्वती की भूमिका निभा रहीं श्रेनु पारिख ने कहा, “मैं एक गुजराती हूँ और मेरी शादी एक महाराष्ट्रीयन परिवार में हुई है, इसलिए करवा चौथ हमारे पारंपरिक त्योहारों का हिस्सा नहीं रहा। लेकिन समय के साथ मैंने इसके भाव और उत्साह को बहुत पसंद करना शुरू कर दिया। मैंने अपनी कई सहेलियों को पूरे प्रेम और उत्साह से व्रत रखते देखा है और कहीं न कहीं वह ऊर्जा आप तक भी पहुँच जाती है। मेरे लिए यह रस्मों से ज़्यादा साथ मिलकर प्यार और अपनापन मनाने का त्योहार है। सजने-सँवरने से लेकर पूरे दिन एक-दूसरे को छेड़ने और फिर चाँद का इंतज़ार करने तक,यही छोटी-छोटी बातें इस दिन को ख़ास बना देती हैं।”

इत्ती सी ख़ुशी में नंदिता की भूमिका निभा रहीं गौरी टोंक ने कहा, “मेरे लिए करवा चौथ हमेशा से एक सुंदर परंपरा रही है। यह केवल व्रत रखने का दिन नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और यश और मेरे रिश्ते का उत्सव है। समय के साथ यह एक परंपरागत रस्म से ज़्यादा एक भावनात्मक अनुष्ठान बन गया है। मुझे इसकी तैयारी करना, त्योहारी ऊर्जा का हिस्सा बनना और वह खास पल जीना बहुत अच्छा लगता है जब चाँद निकलता है। मेरे लिए यह दिन साथ, कृतज्ञता और उस साझेदारी का जश्न है जिसे हम लगातार संवारते हैं। यह भले ही साल में एक दिन है, पर इसकी भावनाएँ लंबे समय तक दिल में बनी रहती हैं।”

पुष्पा इम्पॉसिबल में पुष्पा की भूमिका निभा रहीं करूणा पांडे ने कहा, “करवा चौथ मेरे दिल के बहुत करीब है। जब मैं चंडीगढ़ में मास्टर्स कर रही थी, तब महिला हॉस्टल में रहती थी। वहाँ अविवाहित लड़कियाँ भी इस परंपरा को निभाती थीं। हम सब सुबह जल्दी उठकर मेस में बनी साधारण सरगी खाते और फिर पूरा दिन व्रत रखते। तब यह किसी खास इंसान के लिए नहीं, बल्कि मिलकर त्योहार मनाने की खुशी के लिए होता था। शादी के बाद मैंने विधिवत व्रत रखा, लेकिन अब काम के व्यस्त कार्यक्रम और शूटिंग की वजह से हमेशा आसान नहीं होता। फिर भी मैं इसकी असली भावना में विश्वास रखती हूँ। मुझे सभी रस्में, तैयार होना, पूजा करना और चाँद का इंतज़ार करनाबहुत सुंदर लगते हैं।”

 

 

Next Post

इंडियन आइडल में जज बनेंगे उदित नारायण!

Fri Oct 10 , 2025
मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड के दिग्गज पार्श्वगायक सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल में जज के रूप में शामिल हो सकते हैं। इंडियन आइडल हमेशा से ही गायकों का जश्न मनाने वाला शो रहा है।भारत के सबसे पसंदीदा सिंगिंग रियलिटी शोज़ में से एक इंडियन आइडल अपने 16वें सीज़न के साथ लौट […]

You May Like