सतना : कभी कुख्यात डकैत ददुआ गिरोह के सक्रिय सदस्य रहा और रूसी महिला की हत्या के मामले में सजा काट चुका शातिर अपराधी इन दिनों ट्रेन में बड़ी ही निर्दयता से महिलाओं के गले से चैन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहा था. जिसे देखते हुए उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही थी. इसी दौरान सटीक सूचना के आधार पर जीआरपी ने चितहरा रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी करते हुए आरोपी को दबोच लिया.
जीआरपी उप थाना प्रभारी राजेश राज से प्राप्त जानकारी के अनुसार बेगूसराय बिहार के निवासी रोपण कुमार सिन्हा अपने परिवार के साथ एलटीटी सुफा एक्सप्रेस के ए-2 कोच में बेगूसराय से ठाणे तक की यात्रा कर रहे थे. 11 अ्रप्रैल 25 को ट्रेन जैसे ही सतना स्टेशन से आगे बढ़ी वैसे ही रोपण की पत्नी के सिरहाने रखा लेडीज पर्स चोरी हो गया. पर्स में सोने-चांदी के आभूषण सहित मोबाइल रखा हुआ था. जीआरपी ने प्रकरण दर्ज करते हुए जांच शुरु की तो लगभग महीने भर बाद राजेंद्र नगर सतना निवासी रवि चौधरी को दबोच लिया. जिसके पास से चुराया गया मोबाइल बरामद हो गया. इसी कड़ी में जब पुलिस द्वारा चुराए गए अन्य सामान के बारे में पूछताछ की तो शीलू दुबे पिता अंबिका उम्र 32 वर्ष निवासी इटमा का नाम सामने आया.
लिहाजा पुलिस द्वारा आरोपी शीलू की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी गई. इसी कड़ी में जीअरापी को इस बात की सटीक सूचना मिली कि शीलू मेमो ट्रेन ममें सवार होकर चितहरा आ रहा है. जिसे देखते हुए जीआरपी की टीम ट्रेन के पहुंचने से पहले ही चितहरा पहुंच गई और रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर दी. ट्रेन से उतरने के बाद आरोपी जैसे ही सतना एंड की ओर बढ़ा वैसे ही जीआरपी की टीम ने सावधानी बरतते हुए उसे दबोच लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए हुए आभूषणों को उसने अपने मित्र अमित लोनिया निवासी पहाड़ी मैहर के घर में छिपाया हुआ है. लिहाजा बताए गए स्थान पर दबिश देते हुए जीआरपी ने चुराए गए आभूषणों में से एक जोड़ी कान के झुमके बरामद कर लिए. जिसकी कीमत 1.20 लाख रु आंकी गई.
सतना-बांदा में काट चुका है सजा
जीआरपी प्रभारी के अनुसार आरोपी शीलू कुख्यात डकैत ददुआ गिरोह का सक्रिय सदस्य था. रुसी महिला की हत्या के मामले में जीआरपी सतना द्वारा उसे गिरफ्तार किया गया था. इसी कड़ी में अपने ही गांव में हत्या के आरोप में बांदा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया था. जहां से छूटने के बाद वह ट्रेनों में चैन स्नेचिंग करने लगा. आरोपी शीलू बड़ी ही निर्दयता के साथ महिलाओं के गले से चैन खींचकर फरार हो जाता था. जिसके चलते उसे पकडऩा पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था.
