
मुलताई। नगर में गुरुवार शाम के बक्त तनाव का माहौल बन गया प्राप्त जानकारी के अनुसार फव्वारा चौक से गांधी चौक रोड पर स्थित एक दुकान के सामने आरएसएस के जिला प्रचारक शिशुपाल यादव और कुछ समाज विशेष युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया, जिससे पूरे नगर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। वहीं, कुछ कार्यकर्ता विवाद में शामिल समाज विशेष के युवकों के घर के सामने एकत्रित हो गए।मौके पर पहुंचे एसडीओपी एसके सिंह और थाना प्रभारी देवकरण डहरिया ने पुलिस बल के साथ स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन हिंदू संगठन के कार्यकर्ता आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।घटना के समय नगर में साप्ताहिक बाजार चल रहा था, जिससे अचानक मचे हंगामे से बाजार क्षेत्र में भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। व्यापारियों ने सुरक्षा की दृष्टि से अपनी दुकानें बंद कर दीं, जिसके बाद नगर का अधिकांश बाजार बंद हो गया।इस बीच, पुलिस की कार्रवाई से नाराज हिंदू संगठन के कार्यकर्ता थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बताया जा रहा है कि युवकों की गिरफ्तारी न होने से नाराज कार्यकर्ताओं की पुलिस से झूमाझटकी भी हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन और कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी तत्काल मुलताई पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने थाने में पहुंचकर दोनों पक्षों से चर्चा कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया।
फिलहाल नगर में पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन द्वारा लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की गई है।
