नेपिडॉ, 08 अक्टूबर (वार्ता) म्यांमार सेना की ओर से सोमवार रात सागाइंग क्षेत्र में एक शांतिपूर्ण जुलूस पर की गयी बमबारी में कुछ बच्चों समेत कम से कम 32 लोगों की मौत हो गयी और 50 से ज्यादा लोग घायल हुये हैं।
एक स्थानीय अखबार द इरावदी के अनुसार यह शांतिपूर्ण मोमबत्ती जुलूस थादिंग्युत पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार रात सागाइंग क्षेत्र में निकाला गया था। बौद्ध कैलेंडर के अनुसार थादिंग्युत पूर्णिमा एक महत्वपूर्ण धार्मिक दिन होता है और इस दिन को प्रकाश पर्व के रूप में भी मनाया जाता है।
एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि बोन तॉ गांव से शुरू हुए सरकार विरोधी शांति जुलूस पर शाम के सात बजे पैराग्लाइडरों ने दो बम गिराए। उन्होंने बताया, “इसमें 32 लोग मारे गए और पचास लोग घायल हुए हैं। मारे गए लोगों में से पांच लोग सरकार के खिलाफ लड़ने वाले लोग हैं और बाकी नागरिक हैं।”
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बम की चपेट में आए लोगों का शरीर इस कदर क्षत-विक्षत हो गया है कि उन्होंने पहचानना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि छुट्टी का दिन था, इसलिए कई युवा इस जुलूस में शामिल होने आए थे।
उल्लेखनीय है कि 2021 के तख्तापलट के बाद से चाउंग-यू और मोन्यवा के आंदोलनकारी नियमित रूप से हर थादिंग्युत में दोनों बस्तियों की सीमा पर मोमबत्ती जुलूस निकालते रहे हैं।
