
भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मिथुन अहिरवार ने बुधवार को भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को अंग्रेजों का एजेंट बता रहे हैं, उन्हें भाजपा सरकार संरक्षण दे रही है। अहिरवार ने कहा कि यह दलित समाज के साथ गंभीर अन्याय है और संविधान निर्माता के प्रति घोर अपमान है।
अहिरवार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर बाबा साहब अंबेडकर के संविधान निर्माण में ऐतिहासिक योगदान को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इसे “षड्यंत्रकारी मानसिकता” करार दिया।
कांग्रेस प्रवक्ता ने मांग की कि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में दलितों और गरीबों के साथ समान व्यवहार में विश्वास करती है, तो उस व्यक्ति के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की जानी चाहिए।
अहिरवार ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कार्रवाई नहीं की, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि “बुलडोजर न्याय” केवल गरीबों, दलितों और विपक्ष के नेताओं के खिलाफ भेदभावपूर्ण हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
