भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कलेक्टर- कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार किसानों और जनता के हित में पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुड गवर्नेंस के माध्यम से हम ग्रेट रिजल्ट की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों को सोयाबीन फसल का उचित दाम हर हाल में मिलेगा। भावांतर भुगतान योजना में किसानों का पंजीयन 17 अक्टूबर 2025 तक किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि फसल बिक्री के 15 दिन के भीतर भावांतर की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित कर दी जाएगी।
सीएम ने कहा कि लोकतंत्र और जनकल्याण में हम सबकी महत्वपूर्ण भूमिका है। फील्ड में तैनात अधिकारियों की यह जिम्मेदारी है कि जनता को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ समय पर मिले। उन्होंने अधिकारियों से कहा,हम गुड गवर्नेंस से ग्रेट रिजल्ट की ओर अग्रसर हों, यही हमारी प्राथमिकता है।
