स्टैंडर्ड चार्टर्ड का एयर इंडिया के साथ करार, बैंक के बड़े ग्राहकों को मिलेगी महाराजा क्लब की प्रीमियम सदस्यता

नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (वार्ता) सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में स्टैंडर्ड चार्टर्ड के पात्र भारतीय ग्राहक अब सीधे एयर इंडिया के लॉयल्टी प्रोग्राम के तहत महाराजा क्लब की प्रीमियम सदस्यता ले सकेंगे। यह सुविधा बैंक के बड़े ग्राहकों के लिए है जो आने वाले कुछ सप्ताह में उपलब्ध होगी।
एयर इंडिया और स्टैंडर्ड चार्टर्ड ने बुधवार को इस साझेदारी की घोषणा की। एयर इंडिया ने बताया कि इसके जरिए विदेशों में रहने वाले भारतीयों को ऐसी यात्रा सुविधाएं और पहुंच मिलेंगी जो उनकी क्रॉस-बॉर्डर जीवनशैली और वित्तीय जरूरतों को पूरा करती हैं। स्टैंडर्ड चार्टर्ड सिंगापुर और यूएई में अपने पात्र ‘ग्लोबल इंडियन’ ग्राहकों को एयर इंडिया के ‘महाराजा क्लब’ का गोल्ड या सिल्वर स्टेटस देगा।
एयर इंडिया के महाराजा क्लब स्टेटस में कई खास यात्रा लाभ मिलते हैं। इनमें अतिरिक्त बैगेज अलाउंस, चेक-इन में प्राथमिकता और बोर्डिंग, एयरपोर्ट लाउंज तक पहुंच, अपग्रेड वाउचर और बोनस ‘महाराजा पॉइंट्स’ शामिल हैं। सिल्वर से गोल्ड टियर तक जाने पर ये लाभ और भी बेहतर होते जाते हैं।

महाराजा क्लब के गोल्ड सदस्यों को ‘स्टार एलायंस गोल्ड’ स्टेटस भी मिलता है। इससे उन्हें दुनिया भर में एक हजार से अधिक एयरपोर्ट लाउंज तक पहुंच, एयरपोर्ट पर प्राथमिकता वाली सेवाएं, अतिरिक्त बैगेज की सुविधा और एयर इंडिया के अलावा ‘स्टार एलायंस’ की 25 अन्य सदस्य एयरलाइंस में भी अतिरिक्त सुविधाएं मिलती हैं।

एयर इंडिया के जो ग्राहक यूएई या सिंगापुर में स्टैंडर्ड चार्टर्ड के साथ बैंकिंग करते हैं और पात्रता की शर्तों को पूरा करते हैं, उन्हें समर्पित ‘रिलेशनशिप मैनेजमेंट’ सपोर्ट, बैंक के ‘मुख्य निवेश कार्यालय’ से बाजार के रुझानों की जानकारी, खास निवेश के निमंत्रण और उनकी क्रॉस-बॉर्डर वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार किए गए विशेष वित्तीय समाधान जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

स्टैंडर्ड चार्टर्ड में यूएई और जर्सी के ‘वेल्थ एंड रिटेल बैंकिंग’ प्रमुख और ‘वैश्विक भारतीय ग्राहकों’ के प्रमुख राजेश कन्नन ने कहा: “यह साझेदारी दो भरोसेमंद और प्रतिष्ठित ब्रांडों को एक साथ लाती है। इससे ‘ग्लोबल इंडियंस’ के लिए एक अनोखी सुविधा तैयार हुई है, जिनका जीवन, व्यवसाय और महत्वाकांक्षाएं सीमाओं के पार तक फैली हुई हैं। एयर इंडिया की बढ़ती वैश्विक पहुंच और स्टैंडर्ड चार्टर्ड के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क तथा परिसंपत्ति क्षमताओं को मिलाकर हम अपने संपन्न ग्राहकों को कई बाजारों में यात्रा से जुड़े खास लाभ दे रहे हैं। साथ ही, हम उनकी वैश्विक जीवनशैली, व्यवसाय और संपत्ति प्रबंधन से जुड़ी व्यापक जरूरतों को पूरा करने में भी मदद कर रहे हैं।”

एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी निपुण अग्रवाल ने कहा, “जैसे-जैसे एयर इंडिया एक विश्व-स्तरीय वैश्विक विमान सेवा कंपनी बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है, हमारा ध्यान दुनिया भर में बसे भारतीय समुदाय के साथ अपने जुड़ाव को और गहरा करने पर है। स्टैंडर्ड चार्टर्ड के साथ यह साझेदारी हमें प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों में ‘महाराजा क्लब’ का विस्तार करने में मदद करेगी। इससे ग्राहकों को तुरंत प्रीमियम स्टेटस, बेहतर यात्रा सुविधाएं और वैश्विक पहचान मिलेगी।”

.....

Next Post

एमपी में स्कूल शिक्षा विभाग में 20 हजार पदों पर होगी भर्ती

Wed Oct 21 , 2026
भोपाल: मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग में 20 हजार पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इसके अलावा, प्रदेश में 200 नए सांदीपनि विद्यालय खोले जाएंगे और जनजातीय क्षेत्रों में 200 नए स्कूल […]

You May Like