
पचोर। पचोर के भोजपुरिया क्षेत्र में रविवार की रात्रि को अज्ञात बदमाश तीन दुकानों के ताले तोडक़र वहां से लाखों रुपये की चोरी कर ले गये. दो दुकानों से नगदी राशि ही चोरी गई है.
पुलिस के अनुसार मोबाइल पैमेंट बैंक और कियोस्क संचालक जितेन्द्र जायसवाल के अनुसार उनकी दुकान से लगभग 15 हजार रुपये नगदी चोरी हो गये. सोमवार की सुबह घटना का पता चला जब दुकान पहुंचने पर ताले टूटे मिले तथा नगदी राशि गायब मिली.
एक अन्य दुकानदार निर्मल सिंह राजपूत के अनुसार दीपावली सीजन के लिए पुराने मोबाइल खरीदने हेतु एकत्र किए गये डेढ़ लाख रुपये दुकान में रखे हुए थे. जिन्हें बदमाश ले गये. सोमवार की सुबह दुकान का ताला टूटा मिलने पर घटना की जानकारी पता चली.
कैमरे क्षतिग्रस्त कर चोरी की
एक अन्य दुकान में चोरी करते समय बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए. पतंजलि हर्बल के संचालक की दुकान में बदमाशों ने वहां बाहर की और लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त किया. इसके बाद भीतर घुसे और दुकान में रखा सामान चोरी कर ले गये. दुकान संचालक के अनुसार चोरी गये सामान की सूची तैयार कर रहे है. चोरी की घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया के अनुसार फरियादियों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास मौजूद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है. पुलिस द्वारा संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.
