
इंदौर. यातायात पुलिस ने शनिवार को नो पार्किंग जोन में खड़ी बसों और अन्य वाहनों पर सख्त कार्रवाई करते हुए चालकों पर जुर्माना ठोका. सयाजी होटल के पीछे की सड़क पर खड़ी पांच बसों पर 10 हजार रुपए का चालान काटा गया. कार्रवाई के दौरान क्रेन की मदद से बसों और अन्य वाहनों को हटाया.
सहायक पुलिस आयुक्त मनोज खत्री ने बताया कि सूबेदार क¸ाज़िम हुसैन रिज़वी व टीम ने यह अभियान चलाया. टीम ने मौके पर लाउडस्पीकर से घोषणा कर चालकों को चेताया कि यदि दोबारा नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े कर ट्रैफिक बाधित किया तो 5-5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा. स्थानीय लोगों ने बताया कि होटल के पीछे का यह मार्ग रिहायशी इलाके और मुख्य सड़क से जुड़ा होने के कारण अक्सर अवरुद्ध रहता है. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.
