
सीधी।एक युवक को कार ड्राइविंग करना उस वक्त महंगा साबित हुआ जब कार अनियंत्रित होकर सडक़ से उतरकर तालाब में जा गिरी। लोगों की तत्परता से युवक की जान बची। यह वाकया जिले के मझौली थाना अंतर्गत ग्राम ताला का सामने आया है। ताला में पुलिया के पास कोरियाई मोहल्ले की ओर से आ रही एक बेकाबू कार सीधे तालाब में जा गिरी। यह घटना शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे हुई। गनीमत यह रही कि कार चला रहे युवक की ग्रामीणों की तत्परता से जान बची और उसे सुरक्षित तालाब से बाहर निकाला गया। मिली जानकारी के अनुसार ताला निवासी अनिल सोनी ने लगभग पंद्रह दिन पहले ही यह सेकेंड हैंड कार खरीदी थी और यह उनका पहला वाहन था। गांव के ही राकेश व्यास ने बताया कि अनिल अभी ड्राइविंग सीख रहे थे और वाहन चलाने में पूरी तरह योग्य नहीं थे। बताया गया है कि हादसे के वक्त अनिल अपने घर से मुख्य मार्ग की ओर मझौली जाने के लिए कार से निकले थे। तभी अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में अनिल के अलावा कोई और सवार नहीं था, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। कार के तालाब में गिरने की खबर तेजी से गांव में फैली और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की मदद से अनिल सुरक्षित बाहर निकल पाए। हालांकि, कार पूरी तरह पानी में डूब गई, जिसे निकालने के प्रयास शुरू किया गया। तत्संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि कार का अनियंत्रित होने का मुख्य कारण चालक द्वारा अपना नियंत्रण खो देना था। गनीमत थी कि बड़ा हादसा होने से टल गया।
