इंदौर: रविवार को नगर निगम और वन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से एयरपोर्ट के सामने बिजासन रमना स्थित वन विभाग की भूमि पर पौधारोपण किया गया. इस दौरान करीब 10 हजार पौधों का रोपण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिकों ने पौधे लगाए. साथ ही पौधारोपण करने के साथ पौधों का संरक्षण करने का संकल्प भी लिया.
नगर निगम जन कार्य प्रभारी राजेंद्र राठौर ने बताया कि शहर में इस साल 21 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उक्त लक्ष्य की पूर्ति के लिए विश्व पर्यावरण दिवस से शहरभर में व्यापक पौधारोपण अभियान प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत विभिन्न विभागों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं नागरिकों की सहभागिता से लगातार पौधारोपण किया जा रहा है.
इसी क्रम में आज नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मधु वर्मा की मौजूदगी में 10 हजार पौधे लगाए गए. उक्त पौधारोपण एयरपोर्ट के सामने बिजासन रमना स्थित वन विभाग की भूमि पर किया गया. पौधारोपण कार्यक्रम में निगम एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर,अश्विनी शुक्ल,निरंजन सिंह चौहान, मनीष शर्मा, नंदकिशोर पहाड़िया सहित जनप्रतिनिधि , वन विभाग नगर निगम के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने पौधे लगाए। साथ ही पौधे के संरक्षण का संकल्प लिया.
