नाकामी छिपाने के लिए राहुल को दोषी ठहराना भाजपा की आदत : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 04 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी का स्वभाव है कि अपने कुशासन, भ्रष्टाचार और अलोकतांत्रिक चरित्र को छुपाने के लिए वह दूसरों को दोषी ठहराती है इसलिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर उसके सवाल उठाने का कोई अर्थ नहीं है।
कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि भाजपा की आदत है कि वह अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए कांग्रेस को दोषी ठहराती है जिससे हमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदगी उठानी पड़ती है। चाहे यह कोलंबिया में कहा जाए या कानपुर में, हकीकत एक ही है केन्द्र सरकार हमारी अर्थव्यवस्था की विशाल क्षमता का दोहन करने में विफल रही है और हमारे जनसांख्यिकीय लाभांश को खत्म कर रही है।
उन्होंने कहा, ” हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपहरण एक ऐसा मामला है जिसने हमें दुनिया भर में बदनाम किया है और इसका श्रेय भाजपा को ही जाता है। राहुल जी पर स्पष्ट बोलने के लिए हमला करना भाजपा तंत्र की एक घिसी-पिटी और गलत रणनीति है। अगर वे उनके बयानों पर गौर करें और 2014 से उनके द्वारा उजागर की जा रही स्पष्ट खामियों को दूर करने के लिए कदम उठाएँ तो यह उनके लिए बेहतर होगा।”
कांग्रेस नेता ने कहा, “हमें नहीं भूलना चाहिए कि प्रधानमंत्री बनने से पहले और उसके बाद भी कई सालों तक श्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी विदेश यात्राओं का इस्तेमाल न केवल कांग्रेस पर हमला करने के लिए किया बल्कि भारत और उसके लोगों का अपमान करने के लिए भी किया। इसलिए, अब राहुल जी से केवल भाजपा के कुशासन, भ्रष्टाचार और अलोकतांत्रिक चरित्र को उजागर करने के लिए भाजपा का सवाल पूछना सरासर पाखंड है।”

Next Post

जिलानी ने आतंकवाद के मुद्दे पर जनरल द्विवेदी के बयान का किया स्वागत

Sat Oct 4 , 2025
नयी दिल्ली 04 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता यासर जिलानी ने आतंकवाद के मुद्दे पर थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की ओर से पाकिस्तान को चेतावनी दिये जाने का स्वागत किया है। श्री जिलानी ने शनिवार को जनरल द्विवेदी के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त […]

You May Like