
लखनऊ। यहां के अलीगंज क्षेत्र में एक कोचिंग संस्थान में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। हादसे में कई छात्र घायल हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि जान बचाने के लिए कई छात्र दूसरी मंजिल से नीचे कूद गए। आशंका जताई जा रही है कि कोचिंग के अंदर अब भी कुछ बच्चे फंसे हुए हैं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद बचाव का कोई रास्ता नहीं बचा था। सूचना के करीब आधे घंटे बाद तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकी थीं। इस दौरान धुएं और लपटों के बीच छात्र जान बचाने के लिए छत और खिड़कियों से कूदने लगे।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। देर शाम तक आग पूरी तरह नहीं बुझाई जा सकी थी। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रशासन ने कोचिंग के आसपास के इलाके को खाली करा लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आग की घटना का तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने के आदेश दिए। उन्होने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने और राहत कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश देते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन की टीमें जांच में जुटी हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
