इंदौर: मानसून की विदाई के बाद भी इंदौर में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार शाम से लेकर देर रात तक हुई झमाझम बारिश ने शहर की सड़कों को नदी-नाले में तब्दील कर दिया. मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान करीब 106 मिमी यानि करीब 4 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई, जो मानसून सीजन के दौरान भी एक बार में इतनी नहीं हुई थी.
दिनभर उमस और गर्मी झेल रहे शहरवासियों को शाम को अचानक बदले मौसम ने चौंका दिया. पहले बादलों की आवाजाही और फिर पूर्वी क्षेत्रों में शुरू हुई बूंदाबांदी देखते ही देखते मूसलधार बारिश में बदल गई. रीगल चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में शाम से रात 9 बजे तक लगातार तेज बरसात होती रही. बाद में पश्चिम और शहर के बाहरी इलाकों में भी पानी बरसा. रात 3 बजे तक बारिश का सिलसिला जारी रहा.
इस बेमौसम बारिश ने एक बार फिर शहर की सड़कों को जलमग्न कर दिया. अर्जुन पलटन रोड समेत कई मुख्य मार्गों पर पानी भर गया. शाम के समय बरसात से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. जगह-जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी, वहीं देर रात पानी गिरने से यात्रा कर रहे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी.
जिलेभर में अलग-अलग असर
इंदौर शहर में जहां 4 इंच पानी गिरा, वहीं जिले के अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा हुई. देपालपुर में सबसे ज्यादा 110 मिमी करीब 4.4 इंच बरसात दर्ज की गई, जबकि महू में सबसे कम 40 मिमी डेढ़ इंच से थोड़ी अधिक पानी गिरा. गौतमपुरा में 70 मिमी और हातोद में 84 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इस बारिश के साथ ही इंदौर में वर्षा आंकड़ा 40 इंच पार कर गया, जबकि देपालपुर क्षेत्र 50 इंच से ऊपर पहुंच गया है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन का असर साफ दिख रहा है. मानसून की विदाई के बाद भी मौसम लगातार करवट बदल रहा है. आने वाले दिनों में दीपावली तक बीच-बीच में ऐसी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
