
सीहोर. एक दिन पहले घर से बाइक लेकर निकले युवक का शव शुक्रवार को हाईवे स्थित एक ढाबे के समीप संदिग्ध अवस्था में मिलने से सनसनी का माहौल बन गया है. परिजन उसकी हत्या किए जाने की शंका जता रहे हैं. चाणक्यपुरी निवासी रिटायर्ड रेंजर विजय सिंह तोमर के 40 साल के पुत्र अभिषेक तोमर का खून से लथपथ शव भोपाल बायपास पर लसुडिय़ा परिहार गांव के पास बने ढाबे के समीप पड़ा मिला है. जैसे ही शव की सूचना मिली तो कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का परीक्षण किया। मौके पर मृतक का शव पेट के बल पड़ा मिला जिसमे मुंह और नाक से काफी खून बहने से मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे और शव की शिनाख्त की. परिजनों का कहना है कि यह निर्ममतापूर्वक की गई हत्या है. घटनास्थल पर मृतक की बाइक खड़ी मिली है. फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. मृतक के पिता विजय सिंह तोमर ने कहा है कि यह घटना हादसा नहीं है. मामला हत्या का है. मामले में कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव का कहना है की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है, पोस्टमार्टम कराया गया है.
