
भोपाल: भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में विजयादशमी का पर्व परंपरागत उल्लास और गरिमा के साथ बीएचईएल दशहरा मैदान में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बीएचईएल भोपाल के महाप्रबंधक एवं यूनिट हेड प्रदीप कुमार उपाध्याय ने कहा कि विजयादशमी भारतीय संस्कृति में शौर्य, सत्य और धर्म की विजय का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें सदैव असत्य और अन्याय के विरुद्ध सत्य और धर्म का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से ईमानदारी, परिश्रम और सुरक्षा उपायों को अपनाकर लक्ष्यों की प्राप्ति में जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहीं रोज़ी उपाध्याय, अध्यक्ष बीएचईएल लेडीज़ क्लब; टी.यू. सिंह, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं दशहरा समिति के संरक्षक; सभी महाप्रबंधक; प्रशांत पाठक, अध्यक्ष बीएचईएल दशहरा महोत्सव समिति; समीर पॉल, सचिव; विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, कर्मचारी और कॉलोनीवासी।
उपाध्याय ने कहा कि “सत्यमेव जयते” भारत की संस्कृति का मूल मंत्र है और आज भी पूरी दुनिया में भारत इसकी जीवंत मिसाल है। उन्होंने माता दुर्गा द्वारा महिषासुर वध का उदाहरण देते हुए कहा कि धर्म और साहस सदैव अहंकार व अन्याय पर विजय पाते हैं। अंत में उन्होंने सभी को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
