
उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाअष्टमी और महानवमी का दिन अपने अपने गृह नगर उज्जैन में बिताया। माता मंदिरों में दर्शन के साथ ही बगलामुखी पर हवन पूजन किया और गरबा पंडालों में भी देर रात तक शामिल हुए।
किसानों की समस्या का समाधान करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिस तरह से भावांतर योजना लांच करने की बात कही है ,ऐसे में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का किसानों ने भी स्वागत सत्कार किया और मध्य प्रदेश सरकार किसानों की सरकार जैसे नारे लगाए। हेलीपैड से लगाकर शहरभर में मुख्यमंत्री का स्वागत सत्कार होता रहा। मुख्यमंत्री दो दिनों तक उज्जैन में रहे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महाअष्टमी पूजन में शामिल होने के लिए अपने पैतृक निवास गीता कॉलोनी गए। अगले दिन नवमी पर भी घर पर परिवार के साथ पूजन किया। मुख्यमंत्री लगातार 2 दिन उज्जैन में देव दर्शन धार्मिक सांस्कृतिक आयोजनों में पहुंचे। वहीं गरबा पांडालो में भी पहुंचकर मुख्यमंत्री ने गरबा आयोजकों से लेकर माता बहनों का उत्साह वर्धन किया। कहीं डमरू बजाया तो कहीं भजन गए। मुख्यमंत्री कालिदास अकादमी, सामाजिक न्याय परिसर, डालडा फैक्ट्री मैदान, पार्क पैलेस से लेकर अनेक गरबा आयोजनों में शामिल हुए। बुधवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्रीराम मंदिर पहुंचे और दर्शन पूजन किया साथ ही मार्कंडेय मंदिर भी पहुंचकर मुख्यमंत्री ने देश प्रदेश के सुख समृद्धि के लिए पूजन अर्चन किया।
दीपावली की भाई दूज से लाडली बहनों को प्रतिमाह 1500 रुपए की राशि प्रतिमाह उनके खातों में अंतरित की जाएगी। श्री महाकाल यूथ क्लब द्वारा आयोजित गरबा उत्सव के बाद मुख्यमंत्री कालिदास अकादमी में संजय अग्रवाल, मुकेश यादव, अभय यादव आदि द्वारा आयोजित नवरंग डांडिया उत्सव में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री संस्था अलख द्वारा पांड्याखेड़ी में डालडा मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री ने संस्था को कार्यक्रम के आयोजन के लिए 2 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। इसके पश्चात नागझिरी पर श्री महाकाल यूथ क्लब द्वारा आयोजित गरबा उत्सव में सम्मिलित हुए और कहाकि हामूखेड़ी टेकरी पर संतों के निवास बनाए जा रहे और उसके उचित प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डांडिया उत्सव सहअस्तित्व के भाव का प्रकटीकरण है। उन्होंने कहा की उज्जैन अब मेट्रोपॉलिटन सिटी बन गया है। उज्जैन, इंदौर, देवास, पीथमपुर और शाजापुर के मक्सी को मिलाकर मेट्रोपॉलिटन सिटी बनाई गई है।
नगरकोट पर किए दर्शन, खरीदे सिंघाड़े
सहजता सरलता और आत्मीयता के साथ मुख्यमंत्री देव दर्शन में संलग्न रहे। गीता कॉलोनी निवास से पूजन पश्चात मुख्यमंत्री नगरकोट माता मंदिर पहुंचे। वहां पर दर्शन पूजन किया। यहां पर पुजारी कुलदीप शास्त्री और उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत सत्कार किया। मंदिर के बाहर फुटपाथ पर बैठी महिला से मुख्यमंत्री ने 200 देकर सिंघाड़े खरीदे। किसानों की फसले अतिवृष्टि की वजह से खराब हो गई है। काफी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री तक जब यह मसला पहुंचा व सोयाबीन के लिए बेहतर दाम तय करने की बात भी मुख्यमंत्री से किसानों ने कही तो मुख्यमंत्री ने उज्जैन में कहा कि किसान हमारे भाई हैं, अन्नदाता है मध्य प्रदेश सरकार किसानों के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे में भावांतर योजना किसानों के लिए ही लागू की जा रही है और सभी तरह के नुकसान की भरपाई भावांतर के अंतर्गत की जाएगी।
