
छिंदवाड़ा. थाना कुंडीपुरा के क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोरिया में एक कलयुगी पुत्र ने अपनी मां को लोहे की सब्बल से मार पीट कर उसे मौत के घाट उतार दिया. उक्त मामले में पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि
26 को डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम बोरिया एक महिला की घर पर गिरने से मृत्यु हो गई है, उक्त बात की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस ने पाया कि ग्राम बोरिया निवासी मुन्नीबाई पति शंभू पाटिल 70 साल मृत पड़ी हुई है इस पर पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचा दिया. जहां पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया. जिला अस्पताल से पीएम रिपोर्ट आने पर पुलिस को ज्ञात हुआ कि मुन्नीबाई पाटिल को किसी वस्तू से चोट पहुंचाई गई है जिसके कारण उसकी मौत हो गई. उक्त मामला हत्या का सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध क्रमांक 652/2025 धारा 103(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई. पुलिस ने संदेह होने पर मृतिका के पुत्र संतोष पिता शंभू पाटिल 31 वर्ष को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की तो आरोपी द्वारा पुलिस को बताया गया की वह अपनी मां मुन्नबाई को मोहल्ले के घर में जाकर बैठने से मना करता था किन्तु उसकी मां मोहल्ले में बैठने जाती थी, घटना 6 सितंबर को भी वह मोहल्ले में बैठने गई थी जब वह घर लौटी तो इसी बात पर दोनों का विवाद होने गया. विवाद में आरोपी संतोष पाटिल ने घर में रखी लोहे की सब्बल से अपनी मां के साथ मार पीट कर दिया जिससे मां मुन्नीबाई की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी पुत्र संतोष पाटिल के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर घटना में प्रयुक्त लोहे की सब्बल की जप्ती कर लिया और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया जहां न्यायालय ने आरोपी पुत्र को जेल पहुंचाने के निर्देश जारी कर दिए. पुलिस ने आरोपी संतोष को न्यायायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
