केरल के दल ने देखे ग्वालियर में चल रहे विकास कार्य

ग्वालियर। ग्वालियर शहर में केरल के जनप्रतिनिधियों के दल ने शहर विकास के कार्यों का अवलोकन किया। शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ शनिवार को नगर निगम द्वारा संचालित आदर्श गौशाला लाल टिपारा का भी अवलोकन किया। केरल का यह दल कल रविवार को भी शहर में भ्रमण कर शहर की ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन करने के साथ-साथ आमजनों के हितार्थ शासन द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी अवलोकन करेगा।

केरल से आए जनप्रतिनिधियों के दल ने शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के निवास पर जाकर उनसे भेंट की तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही ग्वालियर-चंबल संभाग के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की। यह दल नगर निगम द्वारा संचालित आदर्श गौशाला लाल टिपारा भी पहुँचा। उन्होंने गौशाला में निराश्रित गायों की देखभाल के कार्यों का अवलोकन किया एवं संत लोगों से विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा गौशाला परिसर में संचालित सीएनजी प्लांट का भी अवलोकन किया।

केरल के दल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर निगम द्वारा निर्मित किए गए सागरताल स्थित आवासों का भी अवलोकन किया एवं निवास कर रहे नागरिकों से चर्चा की। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा संचालित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के संचालन का भी अवलोकन किया। दल द्वारा ग्वालियर के ऐतिहासिक दुर्ग पर संचालित लाइट एण्ड साउण्ड कार्यक्रम का भी अवलोकन करने के साथ-साथ ग्वालियर किले का भ्रमण भी किया।

केरल से आया यह दल कल 15 फरवरी को पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के निवास शिंदे की छावनी पहुँचकर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ ही संचालित लाइब्रेरी का भी अवलोकन करेंगे। इसके साथ ही स्मार्ट सिटी द्वारा ग्वालियर में संचालित कंट्रोल कमाण्ड सेंटर का अवलोकन करेंगे।

*परिषद भवन का अवलोकन और पार्षदों से करेंगे चर्चा*

केरल से आया जनप्रतिनिधियों का दल रविवार को जलविहार में संचालित निगम परिषद भवन का भी अवलोकन करेगा। इसके साथ ही परिषद संचालन के संबंध में पार्षदगणों से भी चर्चा करेगा। दल के साथ बाल भवन के सभागार में पार्षदगणों से चर्चा भी की जायेगी। नगर निगम द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों का प्रजेंटेशन भी होगा। इस मौके पर प्रदेश की नगरीय विकास राज्य मंत्री, महापौर, सभापति, सभी पार्षदगण एवं निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहेंगे।

Next Post

हज-2026 यात्रियों का टीकाकरण व स्वास्थ्य परीक्षण: 253 हज यात्रियों को लगे टीके

Sat Feb 14 , 2026
भोपाल। हज-2026 पर जाने वाले यात्रियों के लिए जरूरी टीकाकरण, ओरल पोलियो डोज़ एवं स्वास्थ्य परीक्षण का अभियान जारी है। यह प्रक्रिया मध्य प्रदेश राज्य हज कमेटी के कार्यालय हज हाउस, ग्राम सिंगारचोली स्थित परिसर में 17 फरवरी तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित की […]

You May Like