इंदौर: नवरात्रि की महाअष्टमी पर बुधवार को केंद्रीय जेल में विशेष कार्यक्रम रखा गया, जिसमें कैदियों और कैदिनियों ने भक्ति से जुड़े गीत-संगीत और गरबा की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं. कार्यक्रम में जेल विभाग के महानिदेशक वरुण कपूर अपनी धर्मपत्नी के साथ पहुंचे. जेल अधीक्षक अलका सोनकर ने उनका स्वागत किया. कार्यक्रम की शुरुआत कैदियों द्वारा भक्ति नृत्य और गरबा से हुई, जिसे देखकर माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया.
प्रस्तुतियों के बाद महानिदेशक वरुण कपूर ने संबोधित करते हुए आयोजन की सराहना की और इसे अद्भुत बताया. भजन गायन के दौरान खुद महानिदेशक कपूर और जेल अधीक्षक अलका सोनकर ने भी भजनों की प्रस्तुति दी, जिसे कैदियों ने तालियों से सराहा. इस आयोजन को सफल बनाने में उप अधीक्षक इंदर सिंह नगर, संतोष लड़यां, रघुवंशी, वरिष्ठ परीक्षण एवं कल्याण अधिकारी अभिषेक दांगी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन जेल लेखाधिकारी सुनील नागले ने किया.
