शिवपुरी: केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी जिले के समग्र विकास कार्यों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय वर्चुअल बैठक की। बैठक में स्थानीय विधायक, जिला कलेक्टर, प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने सुझाव दिए और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सिंधिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात सुगमता और आधुनिकता को ध्यान में रखते हुए थीम रोड और सर्कुलर रोड के चौड़ीकरण का काम तय समय में पूरा किया जाए।
यह परियोजनाएं शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। बैठक में जादव सागर, भुजरिया, मनीयर और पुराना मनीयर तालाब सहित अन्य प्रमुख जलाशयों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर जोर दिया गया। इससे न केवल जल संरक्षण होगा, बल्कि शिवपुरी का प्राकृतिक सौंदर्य भी निखरेगा। साथ ही नए पार्क बनाए जाएंगे और पुराने पार्कों का नवीनीकरण किया जाएगा।यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए हॉकर जोन और ऑटो स्टैंड के लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित किए जाएंगे। एमएम अस्पताल चौराहा, ग्वालियर बायपास, गुना चौराहा, नीलगर चौराहा, रोटरी क्लब चौराहा और माधव चौराहा सहित कई मुख्य मार्गों पर चौड़ीकरण और सुधार कार्य होंगे। शहर के प्रवेश द्वार के निर्माण का भी पुनरावलोकन किया गया।
