
भोपाल। भेल भोपाल के डी सेक्टर पिपलानी में 66 वर्ष पूर्व स्थापित विविक कला विकास समिति अपनी सांस्कृतिक परंपराओं के लिए जानी जाती है। वर्ष 1960 में गठित इस समिति द्वारा शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष मां दुर्गा की आराधना के साथ रामलीला का आयोजन किया जाता है।
समिति का उद्देश्य भेल क्षेत्र में निवास करने वाले कर्मचारियों और नागरिकों को धार्मिक व सांस्कृतिक मनोरंजन प्रदान करना रहा है, क्योंकि पूर्व में मनोरंजन के अन्य साधन उपलब्ध नहीं थे। इस वर्ष समिति ने अपना 66वां स्थापना वर्ष मनाते हुए भव्य रामलीला का आयोजन किया।
रामलीला में लंका दहन का मंचन विशेष आकर्षण रहा, जिसमें हनुमान जी के आकाश में उड़कर अशोक वाटिका में प्रवेश करने का दृश्य श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर गया। इस अवसर पर भेल महाप्रबंधक प्रकाश उपाध्याय, जीएम रूपेश तैलंग, आशीष खरे, कर्मचारी नेता के.एस. ठाकुर सहित हजारों की संख्या में महिलाएं, बच्चे और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
समिति की कार्यकारिणी में अध्यक्ष रूपेश तैलंग (महाप्रबंधक, भेल), महासचिव आर.एस. अरोड़ा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिव प्रसाद साहू, निर्देशक गोयल, रंजीत मारण, स्टेज डायरेक्टर मयंक प्रताप सिंह, प्रवक्ता अतुल मालवीय, लोकेश मौर्य, हिम्मत राव पाटिल और मंमोहन कुमार सेन सहित अन्य पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
