खुलासा: डीएवीवी के आईईटी में नेपाल की तर्ज पर थी आंदोलन की साजिश

इंदौर:देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में सीनियर छात्रों द्वारा प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों पर आंदोलन की तैयारी का दबाव बनाने का मामला सामने आया है. यूनिवर्सिटी की एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच में पाया कि सीनियर्स ने जूनियर्स को फर्जी ईमेल-ट्विटर अकाउंट बनाने और सोशल मीडिया पर हैशटैग वायरल करने के लिए बाध्य किया.

डीएवीवी सूत्रों ने बतायाकि आंदोलन की तैयारी नेपाल में हुए जनरेशन जेड प्रोटेस्ट की तर्ज पर की जा रही थी. सीनियर्स ने विरोध करने वाले विद्यार्थियों को बैच आउट करने की धमकी दी थी. इस दौरान अमन पटेल ने प्रथम वर्ष के छात्र विवेक शर्मा से दूसरों के मोबाइल से वॉट्सऐप मैसेज डिलीट करवाए, जबकि उमंग अग्रवाल ने सीनियर इंट्रोडक्शन नामक ग्रुप बनाकर उसमें आंदोलन संबंधी संदेश साझा किए.

जांच में यह भी सामने आया कि छात्र शिवसागर रेस्टोरेंट में गुप्त बैठक कर चुके थे. यहां अमन पटेल के साथ आदर्श मकवाना, आदित्य शर्मा, सुनील अहिरवार, नमन पांडे, यशश्वी मिश्रा और धवल चौधरी सहित कई छात्र मौजूद थे. बैठक में सीनियर्स ने जूनियर्स पर दबाव बनाने के साथ ही हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरे तोड़ने तक की बात कही. रिपोर्ट में यह तथ्य भी सामने आया कि अमन पटेल का छोटा भाई अनुज पटेल अवैध रूप से हॉस्टल में रह रहा था और एजेंट के तौर पर काम कर रहा था. समिति ने अमन पटेल, आदर्श मकवाना, आदित्य शर्मा, अनुज पटेल और उमंग अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की है.

आरोपों में रैगिंग, धमकाने, फर्जी आईडी बनवाने, विश्वविद्यालय विरोधी माहौल बनाने और डिजिटल साक्ष्य मिटाने जैसे गंभीर बिंदु शामिल हैं. समिति ने साथ ही साइबर सेल से भी जांच कराने और शिवसागर रेस्टोरेंट की मीटिंग में शामिल अन्य छात्रों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है. कुलपति राकेश सिंघई ने बताया कि एंटी रैगिंग कमेटी की रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है.

फिलहाल नामजद शिकायत नहीं की गई है, लेकिन जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. समिति ने रिपोर्ट में नेपाल आंदोलन का उल्लेख किया है, जिस पर भी विस्तृत जांच की जाएगी. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मालवा प्रांत के सोशल मीडिया संयोजक सार्थक जैन ने कहा कि अमन पटेल पहले डीएवीवी कार्यकारिणी में सह मंत्री रहा है, हालांकि फिलहाल किसी पद पर नहीं है.

Next Post

पुलिस ने स्कूली बच्चों को किया जागरूक

Tue Sep 30 , 2025
भोपाल: थाना प्रभारी चुना भट्टी ने क्षेत्र में संचालित नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के बच्चों को अभियान के तहत मंगलवार को जागरूक किया. स्कूल के बालक-बालिकाओं को और शिक्षकों को मैं हूं अभिमन्यु अभियान के बारे में जानकारी दी गई. इसके तहत महिलाओ के साथ हो रही घटनाओं के बारे […]

You May Like