अशोक नगर: नईसराय थाना क्षेत्र के ग्राम उमरी में 10 वर्षीय मूकबाधिर बालिका के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के बाद जिलेभर में आक्रोश व्याप्त है। लोग सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक विरोध दर्ज करा रहे हैं।इधर,लवकुश मंदिर में कुशवाह समाज समिति ने प्रेसवार्ता कर आरोपियों की घिनौनी हरकत की निंदा की। समिति अध्यक्ष राजेंद्र बलवीर सिंह कुशवाह ने कहा कि भले ही आरोपी कुशवाह समाज से हैं, लेकिन समाज ने तीनों परिवारों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आरोपियों को किसी भी सामाजिक आयोजन में नहीं बुलाया जाएगा। साथ ही प्रशासन से कठोरतम कार्रवाई की मांग की गई।उधर, छात्र संगठन डीएसओ की महिला इकाई ने तुलसी पार्क पर प्रदर्शन कर कहा कि नशे और अश्लील सामग्री के प्रसार से ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिन पर तत्काल रोक आवश्यक है। वहीं, प्रजापति समाज ने शाढ़ौरा में ज्ञापन सौंपकर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर आरोपियों को फांसी की सजा और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की।
इस अमानवीय घटना ने जिले को झकझोर कर रख दिया है और लोग न्याय की मांग पर एकजुट हो रहे हैं।
