
भुआ बिछिया। प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ निश्चय यदि साथ हो तो सफलता निश्चित है। इसका उदाहरण पेश किया है कक्षा 9वीं की छात्रा कुमारी चिरौंजा धुर्वे ने। प्रहलाद धुर्वे की सुपुत्री चिरौंजा ने 3000 मीटर पैदल चाल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है।चिरौंजा ने पहले ब्लॉक स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर सिवनी में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और विजयी होकर राज्य स्तर तक का सफर तय किया। अब उनका अगला मुकाबला अलीराजपुर में होगा।ग्राम और शिक्षा जगत से जुड़ी यह छात्रा न केवल अपने परिवार की, बल्कि पूरे ब्लॉक व जिले की शान बनी है। चिरौंजा धुर्वे ने यह सिद्ध किया है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि की छात्राएँ भी मेहनत, अनुशासन और लगन से बड़ी उपलब्धियाँ हासिल कर सकती हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र के बच्चों में खेलों के प्रति नया उत्साह जागा है और आने वाले समय में और भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी जिले का नाम रोशन करेंगे।
