
नई दिल्ली। फाउंडेशन फॉर एविएशन एंड सस्टेनेबल टूरिज्म (FAST) ने पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से नई दिल्ली में राष्ट्रीय पर्यटन विकास सेमिनार आयोजित किया। इसमें नीति-निर्माताओं और उद्योग विशेषज्ञों ने घरेलू व वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की पर्यटन वृद्धि तेज करने के उपायों पर चर्चा की। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने संदेश में FAST की पहल को सराहा और कहा कि पर्यटन भारत की अर्थव्यवस्था व सांस्कृतिक पहचान के लिए परिवर्तनकारी क्षमता रखता है। उन्होंने महामारी के बाद पुनरुत्थान व डिजिटल तकनीकों को आने वाले दशक का “स्वर्णिम युग” बनाने में अहम बताया। ITDC की प्रबंध निदेशक मुग्धा सिन्हा (IAS) ने कहा कि पर्यटन केवल आर्थिक वृद्धि ही नहीं बल्कि सामुदायिक सशक्तिकरण और सांस्कृतिक गहराई का प्रतीक है। पूर्व राज्यपाल ले. जनरल के.एम. सेठ (सेवानिवृत्त) ने स्थिर और नवाचारी पर्यटन उत्पादों की जरूरत पर बल दिया। वक्ताओं ने समावेशन, जिम्मेदार पर्यटन, इको-टूरिज्म, वेलनेस और विरासत पर्यटन को बढ़ावा देने, अवसंरचना व कौशल विकास के जरिए हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम मजबूत बनाने तथा सरकार-उद्योग सहयोग को अहम ठहराया। अंत में यह सहमति बनी कि पर्यटन वृद्धि के लिए सामूहिक कार्रवाई आवश्यक है। FAST एक पोस्ट-इवेंट रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभागों को सौंपेगा।
