होने वाले शौहर के साथ मिलकर साली ने उतारा था जीजा को मौत के घाट

बिलकीसगंज।पुलिस ने बीते दिनों बड़झिरी के एक फार्म हाउस के पीछे गड्डे में दफन स्थानीय निवासी अफरोज की हत्या का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक की साली ने ही अपने होने वाले शौहर के साथ मिलकर जीजा का कत्ल किया था. पूछताछ में उसका कहना था कि जीजा उसके साथ जिस्मानी संबंध रखता था और उसकी दूसरी जगह शादी होने का विरोध कर रहा था, इसलिए उसने अपने होने वाले शौहर के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया था.

गौरतलब है कि गत 14 सितंबर को स्थानीय बिलकीसगंज निवासी 32 वर्षीय अफरोज पिता अंसार लापता हो गया था. अगले दिन उसके भाई अजहर ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस ने मामले को संजीदगी से लेते हुए जांच प्रारंभ की. थाना प्रभारी संदीप मीणा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने जब अफरोज की तलाश शुरू की तो उसकी बाईक बड़झिरी के पास आमला रोड पर जंगल में खड़ी मिली. बाइक पर खून के धब्बे पाए जाने पर कोई घटना की संभावना प्रतीत होने पर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की जिसमें एक व्यक्ति उक्त बाइक को ले जाता देखा गया. उसकी तलाश करने के दौरान पुलिस ने जब बड़झिरी के कैमरे चैक किए तो वह व्यक्ति बड़झिरी निवासी कल्लू खां के साथ एक दुकान से सामान खरीदता नजर आया. टीम द्वारा कल्लू खां की पता तलाश कर उससे गुमशुदा मो. अफरोज के संबंध मे पूछताछ करने पर बताया कि वह ग्राम बडझिरी में अपनी सबसे छोटी पोती सानिया के साथ रहता है. गुमशुदा मो. अफरोज उसकी बड़ी पोती साहिबा का पति है .कल्लू खां का कहना था कि 14 सितंबर को अफरोज मेरी जमीन की नप्ती करने बड़झिरी आया था. उसके बाद से वह मो. अफरोज से नहीं मिला. तथा जिस व्यक्ति के बारे में पुलिस पूछताछ कर रही है उसका नाम इब्राहिम खान है तथा भोपाल के बाग दिलकुशा का रहने वाला है, जो तीन दिन से उसके ही घर में रूका हुआ था और आज ही भोपाल गया है. कल्लू ने बताया कि उसकी मेरी सबसे छोटी पोती सानिया खान से शादी की बात चल रही है. पुलिस ने शंका होने पर सानिया खान से पूछताछ की तथा इब्राहिम व गुमशुदा मो. अफरोज की तलाश जारी रखी.

इस दौरान 16 सितंबर को रातीबढ़ थाना पुलिस ने बड़झिरी स्थित सक्सेना फार्म हाउस के पीछे एक गड्ढे में दफन लाश बरामद की जिसकी शिनाख्त करने पर वह बिलकीसगंज निवासी मो. अफरोज की लाश निकली. रातीबढ़ पुलिस ने मामला जीरो पर कायम कर बिलकीसगंज पुलिस को सौंप दिया. पुलिस ने जब कल्लू खां की पोती सानिया खान को हिरासत में लेकर उससे सख्ती के साथ पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. घटना के बाद से ही आरोपी इब्राहिम खान फरार चल रहा था जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही थी. शनिवार की सुबह मुखबिर द्वारा जानकारी प्राप्त हुई कि आरोपी इब्राहिम बीएचईएल के खण्डर क्वाटरों में सोता है. पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से खंडहर क्र्वाटरों की घेराबंदी करते हुए आरोपी इब्राहिम को भी दबोच लिया. आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे भी जेल भेजा गया है.

मिलने के बहाने बुलाया और कर दी हत्या

आरोपी सानिया ने बताया कि जीजा अफरोज करीबन दो साल से मेरे जिस्मानी ताल्लुकात बनाता रहा है. जिसके बारे में मेरी बहन साहिबा और मेरे दादा कल्लू खां को कुछ पता नही है. मेरे दादा कल्लू खां ने मेरी शादी की बात इब्राहिम से चला रखी थी जो मेरे जीजा मो. अफरोज को पसंद नहीं थी. इसी बात पर जीजा मो. अफरोज मेरे साथ गाली गलौच कर मारपीट करता था तथा धमकी देता था कि तूने मेरे अलावा किसी और से शादी की तो उसे जान से खत्म कर दूंगा. मैं अफरोज से परेशान हो गई थी इसलिए मैंने अपने होने वाले शौहर इब्राहिम खान के साथ मिलकर अफरोज की हत्या करने की प्लानिंग कर अफरोज को 14 सितंबर की रात बात करने के लिए बड़झिरी बंगले पर मिलने बुलाया. जहां जैसे ही अफरोज आया और बात करने लगा इतने में ही इब्राहिम ने पीछे से बके से अफरोज के सिर पर मारा. फिर इब्राहिम ने उसके गले में वार किया तो अफरोज मर गया. फिर मैंने व इब्राहिम ने बंगले के पीछे गड्डा खोद कर अफरोज की लाश को गाड़ दिया. पुलिस को गुमराह करने अफरोज का मोबाईल बरखेड़ी व हीरापुर के बीच इब्राहिम ने फैंक दिया था. पुलिस ने सानिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

Next Post

अंधविश्वास में हत्या: दो भतीजे ने उतारा काकी को मौत के घाट

Sat Sep 27 , 2025
अंधविश्वास में जेठानी ने बेटों से करवाई देवरानी की हत्या, तीनों गिरफ्तार रतलाम। अंधविश्वास के चलते दो भतीजे ने मिलकर काकी को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना को अंजाम मां के कहने पर दोनों बेटों ने दिया। अंधविश्वास के चलते परिजनों का मानना था कि परिवार में हो […]

You May Like