
खिलचीपुर। खिलचीपुर थानांतर्गत मांडाखेड़ा जोड़ के यहां गुरुवार की रात्रि में हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में दो बाईक के बीच हुई भिडं़त में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति सकुशल बाल-बाल बचा.
यह लोग सोयाबीन काटने अन्यत्र जगह बाईक से गये हएु थे जो वापस अपने घर लौट रहे थे कि यह हादसा हो गया. हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से भाग गया.
जानकारी के अनुसार ग्राम रामपुरिया (दांगीपुरा) निवासी 25 वर्षीय रेखा बाई अपने पति विष्णु तंवर के साथ गुरुवार को डालूपुरा गांव में सोयाबीन फसल काटने मजदूरी करने गई थी. शाम को दोनों पति-पत्नी बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे.
आमने-सामने हुई भिड़ंत
इसी दौरान मांडाखेड़ा जोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने इनकी बाईक को जोर की टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही रेखा बाई सडक़ पर गिर पड़ी और उसके सिर में गंभीर चोटें आई. पति द्वारा घायल पत्नी को तुरंत खिलचीपुर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बालक के सिर से उठा सांया
हादसे से परिजनों को गहरा सदमा लगा. सबसे बड़ी दु:खद बात यह रही कि 14 माह के मासूम बालक के सिर से मां का सांया उठ गया. घटना के उपरांत पिता की गोद में मौजूद बालक रोता-बिखलता देखा गया. यह देख हर कोई गमगीन हो गया. हादसे से गहरा शोक छा गया. पुलिस ने फरार आरोपी वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है.
