रीवा:नगर निगम आयुक्त डा. सौरभ सोनवणे ने स्वच्छता को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा की. बैठक में अनुपस्थित रैमकी के प्रोजेक्ट हेड को नोटिस देने के निर्देश दिये है.आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जो कर्मचारी अपने वार्ड में लगातार अनुपस्थित रहते हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए, क्योंकि ऐसे कर्मचारी कार्य में अनावश्यक बाधा उत्पन्न करते हैं और निष्ठा से काम करने वाले कर्मचारियों पर अतिरिक्त भार डालते हैं. उन्होंने लोडर प्वाइंट से कचरा उठाने में देरी की समस्या पर एक अतिरिक्त लोडर वाहन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए. शहर में अधिक सेकेंडरी प्वाइंट होने के कारण कचरा उठाव में हो रही देरी को मानक अनुरूप व्यवस्थित करने के निर्देश दिए.
उन्होंने चेतावनी दी कि वार्ड भ्रमण और निरीक्षण के दौरान अव्यवस्था अथवा गंदगी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. बैठक के दौरान रैमकी के प्रोजेक्ट हेड के अनुपस्थित रहने पर उनको नोटिस जारी करने के निर्देश दिए. वार्ड क्रमांक 2 में सुलभ शौचालय बंद रखने एवं लापरवाही पर सफाई कर्मचारी को नोटिस जारी किया गया. इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 37 के दरोगा को भी लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए. बैठक में उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी आदि मौजूद रहे.
