
शाजापुर। सेवा पखवाड़े और दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर आयोजित प्रबुद्धजनों की संगोष्ठी में प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मोदी सरकार अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को आगे लाकर उपाध्याय के सपनों को साकार कर रही है. उन्होंने कहा कि समाज संस्कारों से जीवित है और हर व्यक्ति का संस्कारित होना जरूरी है. कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस नेता विदेशी संस्कृति को मानते हैं और भारतीय परंपराओं का मखौल उड़ाते हैं.
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार, विधायक अरुण भीमावद और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. विधायक भीमावद ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव प्रदेश के विकास और सनातन धर्म के संरक्षण में अग्रसर हैं.
इससे पहले विजयवर्गीय ने मां राजराजेश्वरी मंदिर में दर्शन किए और सहभोज में शामिल हुए. नगर पालिका उपाध्यक्ष संतोष जोशी ने गदा भेंटकर और क्रेन से फूल वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया.
