
भोपाल। रातीबड थाना पुलिस ने इलाके में संचालित कम्पनी की संपत्ति और नगदी चोरी के 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कम्पनी में काम करने वाले व्यक्ति ही घटना का मास्टरमाइंड निकले. आरोपियों ने कबाडे का काम करने वाले व्यक्ति के साथ मिलकर नकबजनी की योजना बनाई थी. आरोपियों की पहचान अमन चिन्तामन निवासी सीहोर और विशाल कुशवाहा निवासी रातीबड के रुप में हुई है. पुलिस जानकारी के अनुसार आरोपियों ने सामान बेंचने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार कर संपत्ति बेंची थी. कंपनी की करीब 35 लाख रुपये की संपत्ति की चोरी की घटना का प्रकरण दर्ज होने के 24 घण्टे के भीतर ही पुलिस ने मामले का खुलासा किया. आरोपी छल के प्रयोजन से श्रीजी इन्फ्रास्ट्रक्चर कम्पनी के लेटरपेड पर अपने नाम से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर व्यवसायियों को झांसे मे लेकर चोरी का सामान बेचता था. कम्पनी से साईट पर जाने वाला सामान ( लोहे का मोल्ड , फर्म इत्यादि) के समय ही अपने साथी की पिकअप से थोडा-थोडा सामान चोरी कर कबाडे की दुकान पर बेच देता था. चोरी की संपत्ति बेचकर आरोपी एप्पल आई-फोन मोबाईल, कार और रहने के लिए घर खरीदते थे. इन्हीं रूपयों से वह मौज मस्ती भी करते थे. मामले कि शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों से मकान के दस्तावेज, कार , एप्पल आई-फोन मोबाईल एवं चोरी में प्रयुक्त वाहन दो पिकअप गाडी जप्त की है. आरोपी के पास से अभी तक कुल संपत्ति जिसकी कीमती करीबन 30 लाख रुपये के दस्तावेज बरामद हुए है. फहरियादी की शिकायत और संदेही के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की. बता दें कि 23 सितबंर को फरियादी ने थाने पुहंच कर शिकायत दर्ज कराई थी. जिसके बाद पुलिस ने सक्रियता से कार्रवाई को पूरा किया और आरोपियों को धर दबोचा.
